उत्तरकाशी: केदारताल हिमस्खलन हादसे में दो और शव बरामद, मृतकों की संख्या बढ़कर हुई छह
उत्तरकाशी, 5 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तरकाशी के केदारताल ट्रेक मार्ग पर हुए हिमस्खलन हादसे में गुरुवार को दो और ट्रैकर्स के शव बरामद किए गए। इसके साथ ही इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। एसडीआरएफ और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) की संयुक्त रेस्क्यू टीम ने गुरुवार सुबह से दुर्गम हिमालयी क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब नौ बजे शुरू किए गए सर्च अभियान के दौरान हिमस्खलन प्रभावित क्षेत्र से दो पुरुष ट्रैकर्स के शव अलग-अलग स्थानों से बरामद किए गए। दोनों शवों को फिलहाल बेस कैंप में रखा गया है। इन्हें शुक्रवार, 6 नवंबर को हेलीकॉप्टर के जरिए मातली हेलीपैड लाया जाएगा।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, उत्तरकाशी के मुताबिक, खराब मौसम और कठिन परिस्थितियों के बीच चलाया गया सर्च अभियान अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे समाप्त किया गया। इसके बाद एसडीआरएफ और निम की संयुक्त टीम बेस कैंप लौट गई। लापता लोगों की तलाश के लिए शुक्रवार को फिर से सर्च अभियान चलाया जाएगा।
इससे पहले 4 नवंबर को बरामद दो पुरुष ट्रैकर्स के शवों की पहचान उनके परिजनों ने जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में की। मृतकों की पहचान रिंटू मंडल (40 वर्ष) और उदय घोष (30 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों पश्चिम बंगाल के बांकुरा जिले के निवासी थे। पोस्टमार्टम और पंचनामा की कार्रवाई पूरी होने के बाद उनके शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखे गए हैं।
वहीं, 4 नवंबर को ही बरामद दो महिला ट्रैकर्स के शवों का पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें देर रात मोर्चरी वाहन से देहरादून भेजा गया। वहां से एंबुलेंस के माध्यम से शवों को उनके परिजनों तक पहुंचाया गया।
बता दें कि केदारताल ट्रेक के करीब 4,000 मीटर की ऊंचाई वाले क्षेत्र में भारी हिमपात और हिमस्खलन की चपेट में आने से सात ट्रैकर्स और एक गाइड सहित कुल आठ लोग लापता हो गए थे। प्रतिकूल मौसम और बेहद कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद राहत एवं बचाव दल लगातार खोज अभियान चला रहे हैं।
जिला प्रशासन ने बताया कि पूरे रेस्क्यू अभियान की निगरानी जिलाधिकारी स्तर से लगातार की जा रही है और लापता व्यक्तियों की तलाश के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी

