Samachar Nama
×

उत्तरकाशी: गंगोत्री धाम पहुंचे मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, मां गंगा की पूजा कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की

उत्तरकाशी: गंगोत्री धाम पहुंचे मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, मां गंगा की पूजा कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की
उत्तरकाशी: गंगोत्री धाम पहुंचे मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, मां गंगा की पूजा कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की

उत्तरकाशी, 26 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तराखंड के मुख्य सचिव जनपद भ्रमण के दूसरे दिन शनिवार को उत्तराखंड के गंगोत्री धाम पहुंचे, जहां मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने मां गंगा के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। मुख्य सचिव ने विश्वनाथ मंदिर और शक्ति मंदिर में भी पूजा-अर्चना की।

पूजा-अर्चना के बाद मुख्य सचिव ने गंगोत्री मंदिर समिति के पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर धाम में श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं सहित विभिन्न सुविधाओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ रखने पर विशेष जोर दिया।

गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मुख्य सचिव ने अधिकारियों को व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक इंतजाम दुरुस्त रखे जाएं।

मुख्य सचिव ने घाटों और मंदिर परिसर के आसपास स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने नियमित साफ-सफाई के साथ सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दर्शन और स्नान के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए संबंधित विभाग तत्परता से कार्य करें।

इस अवसर पर मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और मंदिर समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।

इस बीच मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए अलर्ट को ध्यान में रखते हुए उत्तरकाशी की यात्रा रोक दी गई है। मौसम विभाग की तरफ से देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, इसमें उत्तराखंड के भी कई क्षेत्र शामिल हैं।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Share this story

Tags