उत्तरकाशी : 365 दिन रोजगार की मांग को लेकर पीआरडी कर्मियों ने निकाला कैंडल मार्च, समान वेतन और महंगाई भत्ते की मांग
उत्तरकाशी, 28 नवंबर (आईएएनएस)। वर्षभर रोजगार और समान कार्य के लिए समान वेतन सहित महंगाई भत्ता दिए जाने की मांग को लेकर आंदोलनरत प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के कर्मियों ने कैंडल मार्च निकालकर सरकार के प्रति अपना विरोध जताया। पीआरडी हित संगठन के बैनर तले सैकड़ों महिला एवं पुरुष कर्मियों ने विकास भवन से हनुमान चौक तक शांतिपूर्ण मार्च निकालकर अपनी मांगों के समर्थन में एकजुटता प्रदर्शित की।
कैंडल मार्च विकास भवन स्थित जिला युवा कल्याण अधिकारी कार्यालय परिसर से शुरू हुआ। यहां से सभी कर्मी हाथों में जलती मोमबत्तियां लेकर भटवाड़ी रोड होते हुए हनुमान चौक स्थित श्रीदेव सुमन मंच पहुंचे, जहां मार्च का समापन हुआ। इस दौरान कर्मियों ने शासन-प्रशासन का ध्यान अपनी समस्याओं की ओर आकर्षित करते हुए मांगों के शीघ्र निराकरण की अपील की।
पीआरडी कर्मी पिछले कई दिनों से अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर कार्य बहिष्कार और धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी प्रमुख मांगों में वर्ष के सभी 365 दिन रोजगार उपलब्ध कराना तथा समान कार्य के लिए समान वेतन के साथ महंगाई भत्ता प्रदान करना शामिल है। कर्मियों का कहना है कि वे लंबे समय से विभिन्न विभागों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन रोजगार की अनिश्चितता और मानदेय से जुड़ी समस्याओं के कारण उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
आंदोलनरत कर्मियों ने कहा कि वे अपनी मांगों को लेकर लगातार शांतिपूर्ण तरीके से संघर्ष कर रहे हैं। इसके बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है। कैंडल मार्च के माध्यम से उन्होंने सरकार से मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। कर्मियों ने स्पष्ट किया कि मांगों का समाधान होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
इस अवसर पर संगठन के जिलाध्यक्ष मुकुल नेगी, महादेव गुसाईं, राकेश मिश्रा, सुनील गुसाईं, चन्द्रशेखर नौटियाल, नरेश राणा, दुर्गेश भट्ट, गणेश भट्ट, पवन राणा और गजराज बिष्ट सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष पीआरडी कर्मी उपस्थित रहे।
--आईएएनएस
एएमटी/वीसी

