उत्तराखंड: युवती पांच दिन से लापता, दादी की प्रशासन से गुहार-हमारी पोती को खोज लाओ
रामनगर, 2 जून (आईएएनएस)। उत्तराखंड में दयारा बुग्याल ट्रैकिंग के दौरान लापता हुई 24 वर्षीय बबीता पांडे की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है। परिवार ने उसकी सुरक्षित वापसी की प्रशासन से गुहार लगाई है।
बबीता पांडे की दादी लक्ष्मी पांडे ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि हमारी मांग है कि हमारी पोती को सकुशल खोज कर लाया जाए। हम लोग काफी परेशान हैं। बबीता वहां घूमने गई थी और अब लापता हो गई है। लापता हुए पांच दिन हो गए हैं।हमारे बच्चे बबीता की तलाश करने गए हैं, लेकिन उसका पता नहीं चल रहा है।
लक्ष्मी पांडे ने कहा कि बबीता की तलाश करने के लिए टीम आई है। हमारी पोती को कोई तो ढूंढकर ला दो। वो तो घूमने गई थी। हमको क्या पता था कि उसके साथ ऐसा हो जाएगा।
बबीता के पिता गोपाल पांडे ने कहा कि पांच दिन हो गए हैं, उसकी कोई खबर नहीं मिली है। हमारा प्रशासन से कहना है कि जल्द से जल्द उसकी तलाश की जाए। बबीता की मां और भाई उसकी तलाश में जुटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि मेरे पैरों में दिक्कत है। मैं चल-फिर नहीं पाता हूं। प्रशासन से मांग है कि जल्द से जल्द मेरी लड़की का पता लगाया जाए।
पिता गोपाल ने बताया कि बबीता एमबीए फाइनल ईयर में थी। पढ़ने में तेज थी और जॉब भी करती थी।
नैनीताल जिले के रामनगर की रहने वाली 24 वर्षीय बबीता उत्तरकाशी में दयारा बुग्याल ट्रेक मार्ग पर लापता हो गई है। युवती का पांच दिन से कुछ भी पता नहीं चल पा रहा है। जिला प्रशासन, वन विभाग और पुलिस लगातार एजेसियों के साथ मिलकर सर्च अभियान चला रहा है।
--आईएएनएस
एसडी/वीसी

