Samachar Nama
×

उत्तराखंड में भारी बारिश का रेड अलर्ट, केदारनाथ यात्रा 27 सितंबर तक स्थगित, प्रशासन ने जारी किए निर्देश

उत्तराखंड में भारी बारिश का रेड अलर्ट, केदारनाथ यात्रा 27 सितंबर तक स्थगित, प्रशासन ने जारी किए निर्देश
उत्तराखंड में भारी बारिश का रेड अलर्ट, केदारनाथ यात्रा 27 सितंबर तक स्थगित, प्रशासन ने जारी किए निर्देश

रुद्रप्रयाग, 26 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तराखंड में अत्यंत भारी बारिश की आशंका के बीच केदारनाथ धाम यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। मौसम विभाग के रेड अलर्ट को देखते हुए रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर 26 सितंबर की दोपहर से 27 सितंबर तक केदारनाथ यात्रा रोकने के आदेश जारी किए हैं।

मौसम की स्थिति सामान्य होने के बाद यात्रा को दोबारा शुरू करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल प्रशासन मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान और रेड अलर्ट को देखते हुए चारधाम यात्रा प्रबंधन एवं नियंत्रण संगठन ने यात्रा स्थगित करने से संबंधित निर्देश जारी किए थे। इसके बाद रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर केदारनाथ धाम यात्रा रोकने का फैसला किया।

जिला प्रशासन ने यात्रा मार्ग से जुड़े सभी सेक्टर अधिकारियों, चेक पोस्ट और सेक्टर मजिस्ट्रेट को आदेश का तत्काल पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन का कहना है कि यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है। मौसम सामान्य होने और परिस्थितियां यात्रा के अनुकूल होने के बाद केदारनाथ यात्रा फिर शुरू करने के लिए जरूरी कार्रवाई की जाएगी।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तराखंड में 26 से 28 सितंबर के दौरान बड़े हिस्से में बारिश होने की संभावना है। खास तौर पर 26 और 27 सितंबर को कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।

बारिश के साथ कुछ इलाकों में गरज-चमक, बिजली और तेज हवाओं का खतरा भी बना हुआ है। पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

उत्तराखंड के साथ उत्तर प्रदेश के लिए भी मौसम का पूर्वानुमान चिंताजनक है। 26 सितंबर को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

इसके अलावा, उत्तर भारत के कई दूसरे हिस्सों में भी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की आशंका बनी हुई है।

उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के अलावा दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और बिहार समेत देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मानसूनी गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।

कई इलाकों में भारी बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी जा रही है।

फिलहाल, केदारनाथ धाम की यात्रा 27 सितंबर तक स्थगित रहेगी। आगे यात्रा शुरू करने का फैसला मौसम की स्थिति और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया जाएगा।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Share this story

Tags