Samachar Nama
×

उत्तराखंड के नए राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से की मुलाकात

उत्तराखंड के नए राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से की मुलाकात
उत्तराखंड के नए राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से की मुलाकात

नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तराखंड के नवनियुक्त राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित उपराष्ट्रपति भवन में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

डॉ. बिसेन हाल ही में उत्तराखंड के राज्यपाल नियुक्त किए गए हैं। सोमवार सुबह 11 बजे देहरादून स्थित लोक भवन परिसर में आयोजित एक गरिमामय समारोह में उन्होंने पद और गोपनीयता की शपथ ली थी। शपथ ग्रहण के बाद से ही उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

इसी कड़ी में मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने उनसे दिल्ली स्थित उत्तराखंड भवन में मुलाकात की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, "आज दिल्ली स्थित उत्तराखंड भवन में मध्य प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व कैबिनेट मंत्री ढाल सिंह बिसेन से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर उन्हें उत्तराखंड के राज्यपाल के रूप में शपथ ग्रहण करने पर हार्दिक बधाई दी। सार्वजनिक जीवन में आपका दीर्घकालिक अनुभव निश्चित ही उत्तराखंड के लिए प्रगति कारक होगा। प्रभु श्रीराम आपके कार्यकाल को यशस्वी बनाएं, यही प्रार्थना है।"

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्या ने भी डॉ. बिसेन से मुलाकात की। उन्होंने 'एक्स' पर लिखा, "मध्य प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री व पूर्व सांसद और उत्तराखंड के नवनियुक्त राज्यपाल ढाल सिंह बिसेन से शिष्टाचार भेंट की तथा नए उत्तरदायित्व के लिए उन्हें बधाई व शुभकामनाएं प्रेषित की।"

इससे एक दिन पहले बुधवार को पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी डॉ. बिसेन और उनकी पत्नी भानुमती बिसेन से अपने आवास पर मुलाकात की थी। पूर्व राष्ट्रपति ने 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा था, "उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन और उनकी पत्नी भानुमती बिसेन का मेरे निवास पर स्वागत करके खुशी हुई। मैंने डॉ. बिसेन को उनकी नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और उनके सफल एवं उपयोगी कार्यकाल के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं। मैंने उन्हें अपनी आत्मकथा 'भारतीय गणतंत्र की विजयगाथा: मेरा जीवन, मेरा संघर्ष' की एक प्रति भी भेंट की।"

बता दें कि डॉ. ढाल सिंह बिसेन मध्य प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं। वे पूर्व कैबिनेट मंत्री और पूर्व सांसद रह चुके हैं। सार्वजनिक जीवन में उनके लंबे अनुभव को देखते हुए उन्हें उत्तराखंड जैसे महत्वपूर्ण राज्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार वाले उत्तराखंड में नए राज्यपाल के रूप में उनके कार्यकाल को लेकर राजनीतिक हलकों में काफी उम्मीदें हैं।

--आईएएनएस

एससीएच

Share this story