Samachar Nama
×

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027: अलीगढ़ जिले में पिछली बार भाजपा ने किया क्लीन स्वीप, क्या इस बार बदलेगा समीकरण?

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027: अलीगढ़ जिले में पिछली बार भाजपा ने किया क्लीन स्वीप, क्या इस बार बदलेगा समीकरण?
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027: अलीगढ़ जिले में पिछली बार भाजपा ने किया क्लीन स्वीप, क्या इस बार बदलेगा समीकरण?

लखनऊ, 4 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में कुल सात विधानसभा सीटें हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इन सातों सीटों पर जीत दर्ज की थी। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनजर सभी राजनीतिक दलों के संभावित उम्मीदवारों ने अपने-अपने क्षेत्र में मतदाताओं को साधना शुरू कर दिया है।

अलीगढ़ जिले की कुल सात विधानसभा सीटों में खैर, बरौली, अतरौली, छर्रा, कोइल, अलीगढ़ और इगलास शामिल हैं। अलीगढ़ विधानसभा क्षेत्र से वर्तमान विधायक मुक्ता संजीव राजा हैं। इसके अलावा, खैर से सुरेंद्र दिलेर, बरौली से जयवीर सिंह, अतरौली से संदीप कुमार सिंह, छर्रा सीट से रवेंद्र पाल सिंह, कोइल विधानसभा सीट से अनिल पाराशर और इगलास से राजकुमार सहयोगी विधायक हैं।

2022 के विधानसभा चुनाव में अलीगढ़ विधानसभा सीट से मुक्ता संजीव राजा ने कुल 12,786 वोटों के अंतर से समाजवादी पार्टी के जफर आलम को शिकस्त दी। भाजपा की मुक्ता संजीव राजा को कुल 1,203,89 वोट हासिल हुए थे, जबकि सपा प्रत्याशी के खाते में 1,07,603 वोट आए। यहां से बसपा और कांग्रेस के प्रत्याशी क्रमश: तीसरे और चौथे नंबर पर रहे।

अतरौली विधानसभा सीट पर भाजपा के संदीप कुमार सिंह ने कुल 39,324 वोटों से जीत हासिल की। उन्होंने समाजवादी पार्टी के वीरेश यादव को हराया। संदीप कुमार सिंह को कुल 1,25,691 लोगों ने वोट किया, जबकि वीरेश यादव को 86,367 वोट मिले। इस सीट से पिछली बार चुनाव में कुल 11 प्रत्याशी उतरे थे।

2022 के विधानसभा चुनाव में छर्रा सीट पर भाजपा के रवेंद्र पाल सिंह को कुल 24,327 वोटों से विजय प्राप्त हुई। उन्होंने समाजवादी पार्टी के लक्ष्मी डांगर को मात दी। रवेंद्र के खाते में कुल 1,11,293 वोट पड़े, जबकि सपा प्रत्याशी को 86,966 लोगों ने वोट दिया। यहां से 2022 में 10 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा था।

कोइल विधानसभा सीट भाजपा के अनिल पाराशर ने सपा प्रत्याशी शाज इशाक को 5,028 वोटों के अंतर से मात दी थी। अनिल पाराशर को कुल 1,08,067 वोट और शाज इशाक को कुल 1,03,039 वोट हासिल हुए। 9 उम्मीदवारों ने पिछली बार चुनाव लड़ा।

बरौली में भाजपा के ठाकुर जयवीर सिंह ने कुल 90,645 वोटों से बहुजन समाज पार्टी के नरेंद्र कुमार शर्मा को हराया। जयवीर को कुल 1,47,984 वोट मिले, जबकि नरेंद्र शर्मा के खाते में 57,339 वोट आए।

इगलास से वर्तमान विधायक राजकुमार सहयोगी ने 2022 के विधानसभा चुनाव में कुल 59,163 वोटों के अंतर से राष्ट्रीय लोकदल के प्रत्याशी बीरपाल सिंह को हराया। राजकुमार सहयोगी को कुल 1,27,209 वोट मिले, जबकि लोकदल के प्रत्याशी के खाते में कुल 68,046 वोट आए। इस सीट पर 2022 में 5 प्रत्याशी उतरे थे।

खैर विधानसभा सीट पर भाजपा के अनूप प्रधान ने 2022 के चुनाव में कुल 74,341 वोटों से बहुजन समाज पार्टी की प्रत्याशी चारू कैन को हराया था। अनूप प्रधान को जहां कुल 1,39,643 वोट मिले, वहीं बसपा प्रत्याशी के खाते में कुल 65,302 वोट आए।

2024 में खैर विधानसभा सीट से अनूप प्रधान के इस्तीफे के बाद हुए उपचुनाव में भाजपा के सुरेंद्र दिलेर को जीत मिली। सुरेंद्र दिलेर के पक्ष में कुल 1,00,181 वोट आए। उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने वाली चारू कैन को 61,788 वोट मिले।

--आईएएनएस

डीसीएच/

Share this story