उत्तर प्रदेश: शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव में भाजपा ने कसी कमर, पन्ना प्रमुख से लेकर बूथ प्रबंधन तक बनी रणनीति
लखनऊ, 26 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियों को अंतिम दौर में पहुंचा दिया है। शनिवार को राजधानी लखनऊ में अवध क्षेत्र के पार्टी पदाधिकारियों और प्रमुख नेताओं की बैठक में मतदाता संपर्क से लेकर बूथ प्रबंधन और मतदान दिवस की व्यवस्थाओं तक की विस्तृत रणनीति तय की गई।
प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक योग्य शिक्षक और स्नातक मतदाता तक व्यक्तिगत संपर्क स्थापित करने तथा मतदान के दिन उसे बूथ तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाने को कहा।
पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की मौजूदगी में हुई बैठक में चुनाव की अंतिम मोर्चेबंदी, मतदाता सूची की समीक्षा, पन्ना प्रमुख व्यवस्था, मतदान केंद्रों की तैयारियों, संपर्क अभियान और मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। पार्टी ने प्रत्येक जिले में चुनाव कार्यालय स्थापित करने और कॉल सेंटर सक्रिय करने के निर्देश भी दिए।
पंकज चौधरी ने कहा कि शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव केवल चुनावी प्रक्रिया नहीं, बल्कि प्रदेश के शिक्षित, बुद्धिजीवी और स्नातक मतदाताओं के साथ भाजपा के निरंतर संवाद का महत्वपूर्ण अवसर है। अब चुनाव की अंतिम तैयारियों का समय है और प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरना होगा।
उन्होंने कहा कि नामांकन से एक दिन पहले तक मतदाता फॉर्म जमा कराए जा सकते हैं। जिन कार्यकर्ताओं के पास भरे हुए फॉर्म उपलब्ध हैं, उन्हें तत्काल जमा कराया जाए। अब संगठन का लक्ष्य प्रत्येक मतदाता तक व्यक्तिगत रूप से पहुंचने, उससे संवाद करने और मतदान के दिन उसका मतदान सुनिश्चित कराने का होना चाहिए।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षक और स्नातक चुनाव में अक्सर मतदान के दिन बड़ी संख्या में मतदाताओं के मतदान केंद्र तक नहीं पहुंचने की स्थिति सामने आती है। संगठन को संपर्क और संवाद के जरिए इस प्रवृत्ति को बदलना होगा। कोई भी योग्य मतदाता संपर्क से बाहर नहीं रहना चाहिए।
उन्होंने सामान्य चुनावों की तर्ज पर शिक्षक एवं स्नातक चुनाव में भी पन्ना प्रमुख व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। प्रत्येक पन्ने के मतदाताओं को चिन्हित कर उनसे नियमित संपर्क करने और मतदान के दिन उन्हें मतदान केंद्र तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
चौधरी ने शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों के साथ बैठकें आयोजित करने के साथ ही विधानसभा स्तर पर शिक्षक एवं स्नातक सम्मेलन तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसंपर्क के दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों से संबंधित सामग्री मतदाताओं तक पहुंचाई जाए। साथ ही बैलेट पेपर से मतदान की सही प्रक्रिया की जानकारी भी दी जाए, ताकि प्रक्रिया संबंधी गलती से किसी का मत निरस्त न हो।
उन्होंने प्रत्येक जिले में चुनाव कार्यालय स्थापित करने और कॉल सेंटर सक्रिय करने के निर्देश दिए। नामांकन के दिन पार्टी की पूरी ताकत प्रत्याशी के साथ नजर आए, इसके लिए भी संगठन को तैयार रहने को कहा गया। मतदान दिवस पर मतदाताओं के लिए सहायता केंद्र, जलपान और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पंकज चौधरी ने कहा कि शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से भी संगठन के लिए महत्वपूर्ण अभ्यास है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ‘‘बूथ जीता, चुनाव जीता’’ के मंत्र के साथ पूरी सक्रियता से जुटने का आह्वान किया।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव भी लोकसभा और विधानसभा चुनावों की तरह पूरी तैयारी, अनुशासन और मजबूत संगठनात्मक रणनीति के साथ लड़ेगी। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए सबसे जरूरी है कि प्रत्येक कार्यकर्ता मतदाता से सीधे संपर्क और संवाद स्थापित करे तथा मतदान के दिन उसके मतदान की जिम्मेदारी निभाए।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि चुनाव का क्षेत्र व्यापक है और समय सीमित है। ऐसे में तैयारियों में तेजी के साथ नियमित समीक्षा भी जरूरी है। प्रत्येक जिले, विधानसभा, मतदान केंद्र और मतदेय स्थल पर जिम्मेदारियां स्पष्ट हों और उनकी लगातार निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची संगठन की चुनावी रणनीति का आधार है। प्रत्येक पन्ने की समीक्षा कर उसमें शामिल मतदाताओं से संपर्क की योजना बनाई जाए। पन्ना प्रमुख केवल नामित कार्यकर्ता न रहें, बल्कि अपने पन्ने के प्रत्येक मतदाता से संपर्क, संवाद और मतदान तक की जिम्मेदारी संभालें।
प्रदेश महामंत्री ने कहा कि चुनावी अभियान को केवल पदाधिकारियों तक सीमित नहीं रखा जाएगा। पार्टी के सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, मोर्चों और कार्यकर्ताओं को इसमें सक्रिय भूमिका निभानी होगी। प्रत्येक मतदान केंद्र पर कार्यकर्ताओं की टीम, मतदाता सूची, संपर्क व्यवस्था और मतदान दिवस की कार्ययोजना पहले से तैयार होनी चाहिए।
प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल ने कहा कि शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव की दृष्टि से संगठन के सामने अंतिम और महत्वपूर्ण चरण है। नामांकन से मतदान तक प्रत्येक व्यवस्था पर अभी से ध्यान देना होगा, ताकि मतदाताओं को किसी तरह की असुविधा न हो और अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित किया जा सके।
प्रदेश महामंत्री एवं चुनाव प्रभारी संजय राय ने बैठक में चुनावी तैयारियों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने क्षेत्रवार मतदाता संख्या, मतदाता फॉर्म, संपर्क अभियान, मतदान केंद्रों की स्थिति, पन्ना प्रमुख व्यवस्था और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अब तैयारियों को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाते हुए प्रत्येक जिले और विधानसभा स्तर पर जिम्मेदारियां तय की जाएंगी। अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी ने कहा कि क्षेत्र में संगठन पूरी गंभीरता और सक्रियता के साथ चुनावी तैयारियों में जुटा है।
उन्होंने कहा कि सभी जिलों में मतदाता संपर्क अभियान को और व्यापक बनाया जाएगा। प्रत्येक विधानसभा में शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं के साथ संवाद कार्यक्रम होंगे और मतदान केंद्र स्तर पर टीमों को सक्रिय किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव में प्रत्येक मतदाता महत्वपूर्ण है। इसलिए बड़े कार्यक्रमों के साथ व्यक्तिगत संपर्क को अभियान का आधार बनाया जाए। पार्टी की केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों तथा संगठन की विचारधारा और जनसेवा के कार्यों को लेकर कार्यकर्ता मतदाताओं के बीच जाएं। अवध क्षेत्र का संगठन बूथ से मतदाता तक मजबूत संपर्क तंत्र तैयार करते हुए प्रत्येक स्तर पर चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेगा।
--आईएएनएस
विकेटी/डीकेपी

