Samachar Nama
×

उत्तर प्रदेश: इटावा में ट्रक से टकराई बस, ड्राइवर और कंडक्टर की मौके पर मौत, 20 से अधिक यात्री घायल

उत्तर प्रदेश: इटावा में ट्रक से टकराई बस, ड्राइवर और कंडक्टर की मौके पर मौत, 20 से अधिक यात्री घायल
उत्तर प्रदेश: इटावा में ट्रक से टकराई बस, ड्राइवर और कंडक्टर की मौके पर मौत, 20 से अधिक यात्री घायल

इटावा, 8 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में एक प्राइवेट बस दुर्घटनाग्रस्त हुई है। इस घटना में बस ड्राइवर और कंडक्टर की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, इटावा जिले के आईटीआई चौराहा थाना क्षेत्र में आगरा-कानपुर हाईवे पर बुधवार सुबह करीब 5 बजे बस हादसे का शिकार हुई। यह बस वाराणसी से दिल्ली जा रही थी। बस में करीब 45 यात्री सवार थे।

बताया गया कि बस ने एक ट्रक को पीछे से टक्कर मारी, जिसमें लोहे के सरिया लदे थे। घटना के बाद चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से अन्य यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना के बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। सभी घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।

टक्कर इतनी भयंकर थी कि बस का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे बस चालक और कंडक्टर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके साथ ही, मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दी गई। दोनों मृतकों की पहचान 35 वर्षीय बस चालक प्रेम और 22 वर्षीय दीपक कंडक्टर के रूप में हुई।

यात्रियों ने बताया कि बस तेज रफ्तार में थी और चालक को नींद आ गई थी। एक घायल यात्री ने बताया कि हम लोग वाराणसी से दिल्ली जा रहे थे। उन्होंने कहा कि चालक को नींद आ गई थी, जिसके कारण बस एक ट्रक से जा टकराई। यात्री ने घायलों के इलाज में भी देरी का आरोप लगाया।

जिला अस्पताल के ईएमओ राहुल ने बताया कि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। किसी को गंभीर चोट नहीं लगी है। उन्होंने बताया कि बस ड्राइवर और कंडक्टर दोनों को अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया था।

--आईएएनएस

डीसीएच/

Share this story

Tags