यूटीटी सीजन 7: कोलकाता थंडर ब्लेड्स ने यूपी प्रोमेथियन्स को हराया, पुणे जगुआर्स पर गोवा चैलेंजर्स की जीत
गोवा, 19 जुलाई (आईएएनएस)। अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) सीजन 7 में रविवार को एचवीआर कोलकाता थंडरब्लेड्स ने यूपी प्रोमेथियन्स पर 10-5 से जीत हासिल करते हुए प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को मजबूत किया, जबकि डेम्पो गोवा चैलेंजर्स ने सीजन में अपना अजेय सफर जारी रखा।
कोलकाता की भारतीय जोड़ी अंकुर भट्टाचार्जी और अय्हिका मुखर्जी ने एक बार फिर शानदार खेल दिखाया, जबकि गोवा ने पीबीजी पुणे जगुआर्स की कड़ी चुनौती का सामना करते हुए लीग में अपनी अजेय स्थिति बनाए रखी।
अंकुर ने मानव ठक्कर को 11-10, 11-10, 11-3 से हराया और फिर अय्हिका के साथ मिलकर मिक्स्ड डबल्स में अपना अजेय रिकॉर्ड बरकरार रखा, जिससे कोलकाता की जीत की नींव पड़ी। इससे पहले, गोवा ने पुणे को 8-7 से हराया; निर्णायक मैच में युवा सिंड्रेला दास ने संयम बनाए रखा और बर्नाडेट जोक्स के शानदार सिंगल्स प्रदर्शन ने भी जीत में अहम भूमिका निभाई।
कोलकाता ने शुरुआत से ही बढ़त बना ली थी। अंकुर ने लगातार गोल्डन प्वाइंट गेम में मानव को हराया और फिर तीसरा गेम आसानी से जीतकर सीधे गेम में जीत हासिल की। इसके बाद जेंग जियान ने तीन गेम में स्वस्तिका घोष को 11-7, 8-11, 11-8 से हराया। वहीं, अंकुर और अय्हिका ने मिक्स्ड डबल्स में अपना अजेय सफर जारी रखते हुए कोलकाता को जीत के करीब पहुंचा दिया।
यूपी को रिकार्डो वाल्थर से उम्मीद की किरण मिली, जिन्होंने सीधे गेम में एडुआर्ड आयोनेस्कु को 11-9, 11-8, 11-8 से हराकर मुकाबले में बने रहने की कोशिश की, लेकिन अय्हिका ने सायली वाणी को सीधे गेम में 11-8, 11-10, 11-7 से मात देकर कोलकाता के लिए एक और अहम जीत पक्की करते हुए यूपी की वापसी की संभावना को खत्म कर दिया।
अंकुर को 'मैच आईक्यू प्लेयर' और 'इंडियन प्लेयर ऑफ द टाई' चुना गया, जबकि वाल्थर ने 'फॉरेन प्लेयर ऑफ द टाई' का अवॉर्ड जीता। अय्हिका को 'शॉट ऑफ द टाई' का सम्मान मिला।
पहले मुकाबले में गोवा की शुरुआत खराब रही। उमर असर ने एक गेम हारने के बाद वापसी करते हुए अभिनंद पीबी को सीजन की पहली सिंगल्स हार (10-11, 11-5, 11-8) का स्वाद चखाया। इसके बाद बर्नाडेट जोक्स ने पासा पलटते हुए पृथिका पावडे को सीधे गेम में 11-6, 11-9, 11-5 से शिकस्त दी। इसके बाद पुणे ने मिक्स्ड डबल्स में अंतर कम किया, जबकि स्नेहित सुरावज्जुला ने अल्वारो रोबल्स को 2-11, 11-8, 11-10 से हराया, जिससे गोवा को अंतिम मैच में परिणाम की जरूरत पड़ गई।
दबाव के बीच, सिंड्रेला ने पहला गेम 11-7 से जीता, लेकिन इसके बाद दीया ने दूसरा गेम 11-7 से अपने नाम करते हुए मैच को निर्णायक गेम तक पहुंचा दिया। 16 वर्षीय खिलाड़ी ने शांत रहकर 11-8 से जीत हासिल की और टाई अपने नाम कर ली, जिससे गोवा का अजेय रिकॉर्ड बरकरार रहा।
ओमर असर को 'मैच आईक्यू प्लेयर', सिंड्रेला को 'इंडियन प्लेयर ऑफ द टाई' और जोक्स को 'फॉरेन प्लेयर ऑफ द टाई' चुना गया। अनिर्बान ने 'शॉट ऑफ द टाई' का अवॉर्ड जीता।
इससे पहले, यू मुंबा टीटी ने फाइनल में दबंग दिल्ली टीटीसी को 5-2 से हराकर ड्रीम यूटीटी जूनियर्स का खिताब जीता। सोमदेव सेनगुप्ता ने लड़कों के सिंगल्स में जीत के साथ नींव रखी और फिर अहोना रे के साथ मिलकर मिक्स्ड डबल्स जीता। इसके बाद अहोना ने लड़कियों के सिंगल्स में जीत हासिल करके यू मुंबा के लिए पहला ड्रीम यूटीटी जूनियर्स खिताब पक्का किया।
--आईएएनएस
आरएसजी

