यूएस ओपन 2026: अल्काराज-ज्वेरेव के साथ सजेगी 'मेंस सिंगल्स' की खिताबी जंग
न्यूयॉर्क, 27 अगस्त (आईएएनएस)। वर्ल्ड नंबर 1 जानिक सिनर चोट के कारण 'यूएस ओपन 2026' से बाहर हैं। ऐसे में ग्रैंड स्लैम चैंपियन कार्लोस अल्काराज और अलेक्जेंडर ज्वेरेव मुख्य दावेदारों में शामिल हैं, जो टूर्नामेंट में मेंस सिंगल्स मेन ड्रॉ के टॉप और बॉटम हाफ की अगुवाई करेंगे, जिसका ड्रॉ गुरुवार को जारी किया गया।
सिनर की गैर-मौजूदगी में, ज्वेरेव टॉप सीड हैं और सीजन के आखिरी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के टॉप हाफ की कमान संभालेंगे, जबकि बॉटम हाफ की अगुवाई नंबर 2 सीड और मौजूदा चैंपियन कार्लोस अल्काराज करेंगे। उनके साथ नोवाक जोकोविच, डेनिल मेदवेदेव, स्टैन वावरिंका और मारिन सिलिच जैसे पूर्व चैंपियन भी शामिल हैं।
यूरोपियन रेड क्ले स्विंग की शुरुआत में कलाई की चोट के कारण पांच महीने तक बाहर रहने के बाद अल्काराज वापसी कर रहे हैं। वह अपना खिताब वापस पाने और पांच साल में तीसरी बार यूएस ओपन ट्रॉफी जीतने के लिए बेताब हैं। हालांकि, मैच प्रैक्टिस की कमी के बावजूद, मौजूदा रोलैंड गैरोस चैंपियन और विंबलडन फाइनलिस्ट ज्वेरेव की नजरें 'किंग ऑफ क्वींस' बनने पर टिकी हैं।
ज्वेरेव अपने अभियान की शुरुआत पहले राउंड में इटली के लोरेंजो सोनेगो के खिलाफ करेंगे, जबकि अल्काराज वर्ल्ड नंबर 98 खिलाड़ी रोमन सफियुलिन के खिलाफ शुरुआत करेंगे।
यूएस ओपन ट्रॉफी जीतने वाले सभी पुरुष खिलाड़ी अल्काराज (2022, 2025), जोकोविच (2011, 2015, 2018, 2023), मेदवेदेव (2021), वावरिंका (2016) और सिलिच (2014) ड्रॉ के दूसरे हाफ में हैं। अगर संन्यास लेने की तैयारी कर रहे वावरिंका पहले राउंड में 2019 के सेमीफाइनलिस्ट माटेओ बेरेटिनी को हरा देते हैं, तो उनके और जोकोविच के बीच 2016 के यादगार फाइनल जैसा मुकाबला फिर से हो सकता है।
सिनर के इस टूर्नामेंट में न खेलने की वजह से, जोकोविच के लिए इस साल का फ्लशिंग फोर्टनाइट (यूएस ओपन का समय) रिकॉर्ड-तोड़ 25वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने का एक शानदार मौका है, क्योंकि इटैलियन खिलाड़ी ने उनके पिछले छह मैचों में से पांच जीते हैं। अनुमान है कि सर्बियाई खिलाड़ी का सामना सेमीफाइनल में स्पेनिश खिलाड़ी से होगा।
साल 2003 में एंडी रोडिक के बाद से किसी भी अमेरिकी पुरुष खिलाड़ी ने अपना घरेलू स्लैम नहीं जीता है। हालांकि, अमेरिका का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों का 2026 का समर सीजन शानदार रहा है; उन्होंने नॉर्थ अमेरिकन हार्ड-कोर्ट स्विंग के दौरान खिताब जीते हैं और टूर्नामेंट में काफी आगे तक पहुंचे हैं।
नंबर 8 सीड और टॉप-रैंक वाले अमेरिकी बेन शेल्टन ने लगातार दूसरे साल कनाडा में मास्टर्स 1000 का खिताब जीता और वाशिंगटन, डीसी में क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे; इसके अलावा उन्होंने डलास, म्यूनिख और स्टटगार्ट में भी ट्रॉफियां जीतीं। टेलर फ्रिट्ज ने डीसी में इस साल का अपना पहला खिताब जीता, जबकि इस साल तीन अन्य टूर्नामेंटों में वे शेल्टन और फ्रांसिस टियाफो के बाद दूसरे स्थान पर रहे। फ्रिट्ज 2024 के फाइनलिस्ट भी थे, जहां वे बेरेटिनी, कैस्पर रूड, ज्वेरेव और टियाफो को हराने के बाद सिनर से हार गए थे।
सिनसिनाटी फाइनल तक पहुंचने के सफर में टियाफो ने टॉप 15 के तीन खिलाड़ियों को हराया। उन्हें न्यूयॉर्क के फैंस से गजब उत्साह मिलता है। वह अपने जोश को ऐसे जबरदस्त ग्राउंडस्ट्रोक में बदलते हैं जो बड़े-बड़े खिलाड़ियों को भी हैरान करते हैं।
बेशक, युवा खिलाड़ी लर्नर टियन भी किसी भी ड्रॉ में खतरनाक साबित हो सकते हैं, जिन्होंने जिनेवा में एक टाइटल जीता है और डेलरे बीच व मॉन्ट्रियल में सेमीफाइनल तक पहुंचे हैं। इसके अलावा, ऑस्ट्रेलियन ओपन और इंडियन वेल्स में उनके क्वार्टरफाइनल तक के शानदार सफर ने भी सभी का ध्यान खींचा है।
--आईएएनएस
आरएसजी

