Samachar Nama
×

उरी में वलीमा से लौट रहे परिवार की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, चार सदस्यों की मौत, बच्ची गंभीर

उरी में वलीमा से लौट रहे परिवार की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, चार सदस्यों की मौत, बच्ची गंभीर
उरी में वलीमा से लौट रहे परिवार की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, चार सदस्यों की मौत, बच्ची गंभीर

बारामूला, 28 नवंबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले की उरी तहसील में एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। वलीमा से लौट रहे परिवार की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा आधी रात के आसपास गोवाहल्लन गांव के हल्का इलाके में हुआ।

जानकारी के अनुसार, परिवार वलीमा समारोह में शामिल होकर घर लौट रहा था। इसी दौरान उनकी टाटा सूमो गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। हादसे में गाड़ी में सवार सभी पांच लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

घायलों को सबसे पहले उप जिला अस्पताल (एसडीएच) उरी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी जांच की। इस दौरान चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 वर्षीय बच्ची की हालत गंभीर होने के कारण उसे आगे के इलाज के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) रेफर कर दिया गया।

मृतकों की पहचान सैयद शफीक शाह (26 वर्ष), पुत्र सैयद मदद हुसैन शाह, उनकी पत्नी रशीदा बानो (25 वर्ष), दिलनाज़ फातिमा (17 वर्ष), पुत्री सैयद मदद हुसैन शाह, और शाहिद फातिमा (27 वर्ष), पुत्री आबिद हुसैन शाह के रूप में हुई है। वहीं, घायल बच्ची की पहचान मनाज़ फातिमा (11 वर्ष), पुत्री सैयद मदद हुसैन शाह के रूप में हुई है।

हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। वलीमा की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं।

पुलिस ने मामले की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गाड़ी कैसे दुर्घटनाग्रस्त हुई। क्या यह चालक की लापरवाही थी, सड़क की खराब हालत थी या कोई अन्य वजह थी, इसकी जांच की जा रही है।

फिलहाल, घायल बच्ची का जीएमसी में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों की टीम उसकी हालत पर नजर रखे हुए है।

--आईएएनएस

पीआईएम/एबीएम

Share this story

Tags