Samachar Nama
×

लाजपत नगर अग्निकांड: गौरव की मौत पर फूटा परिवार का गुस्सा, निष्पक्ष जांच और गिरफ्तारी की उठी मांग

लाजपत नगर अग्निकांड: गौरव की मौत पर फूटा परिवार का गुस्सा, निष्पक्ष जांच और गिरफ्तारी की उठी मांग
लाजपत नगर अग्निकांड: गौरव की मौत पर फूटा परिवार का गुस्सा, निष्पक्ष जांच और गिरफ्तारी की उठी मांग

नई दिल्ली, 26 नवंबर (आईएएनएस)। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की तैयारी कर रहे गौरव सिकरवार के परिवार ने दिल्ली के लाजपत नगर स्थित उस बिल्डिंग के बाहर प्रदर्शन किया, जिसके बेसमेंट में आग लगने की वजह से 18 नवंबर को गौरव की जान चली गई थी। गौरव एक यूट्यूब चैनल के ऑफिस में वीडियो एडिटर के तौर पर काम करते थे।

परिवार ने आरोप लगाया है कि बिल्डिंग में आग से सुरक्षा के इंतजाम नाकाफी थे और वे निष्पक्ष जांच तथा मालिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और मालिक, ठेकेदार तथा कर्मचारियों की भूमिका की जांच कर रही है।

मामले को लेकर मुरैना के रहने वाले सनी सिकरवार ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि मेरे भाई का नाम गौरव सिकरवार था। यहां पर 18 तारीख को आग लगी, जिसमें वह चल बसा था। यहां आग दोपहर लगभग 1 बजे लगी थी, लेकिन हमें शाम 4 बजे बताया गया और इस बात की जानकारी नहीं दी गई कि वह इस दुनिया में नहीं रहा। यह बताया था कि थोड़ी-बहुत झुलस गया है और हॉस्पिटल में है। फिर हमारे चाचा ने बोला कि मेरी बात कराओ उससे, तो हमें कहा गया कि हमारे स्टाफ के लोग उसको लेकर हॉस्पिटल गए हैं, बात नहीं हो पाएगी। रात 9.30 बजे अस्पताल में आकर पता चला कि गौरव नहीं रहा है।

गौरव के भाई का कहना है कि पूछताछ में इन लोगों ने बताया कि बिल्डिंग में वेल्डिंग का काम चल रहा था। उससे चिंगारी निकली, जिससे आग लग गई। सनी का कहना है कि ऐसा हो नहीं सकता। आग लगी होगी तो धीरे-धीरे लगी होगी। उसे बचाने की कोशिश क्यों नहीं की गई?उसके साथ जो लड़के थे, उनको भी सामने नहीं लाया गया। ये स्पोर्ट यारी नामक यूट्यूब चैनल का ऑफिस था। उसके मालिक का नाम सुशांत मेहता है। हम चाहते हैं कि जब तक इस केस की कार्रवाई नहीं हो जाती, तब तक उसे कस्टडी में रखें। अगर वह निर्दोष है, तो उसको छोड़ दिया जाए और अगर नहीं है, तो उसको सजा दी जाए।

गौरव सिकरवार के पिता सतेंद्र सिंह सिकरवार ने बताया कि हम धरना इसलिए दे रहे हैं, क्योंकि एक हफ्ते से ज्यादा समय हो गया है, लेकिन अब तक न पुलिस की तरफ से और न प्रशासन की तरफ से कोई जिम्मेदाराना रवैया अपनाया जा रहा है। हमको कुछ पता नहीं चल रहा कि हमारे बेटे की मौत की जांच किस दिशा में जा रही है। किस एंगल से जांच हो रही है, क्या हो रहा है, उसके बारे में कुछ पता नहीं। हमने आज तक सीसीटीवी फुटेज नहीं देखा। हमने जो आवेदन किया है कि उस एंगल को इन्होंने एफआईआर के अंदर नहीं जोड़ा है। उन्होंने सुशांत मेहता के खिलाफ सख्त कार्रवाई और संपत्ति की कुर्की की मांग की है।

--आईएएएनएस

डीके/वीसी

Share this story

Tags