Samachar Nama
×

यूपीएससी भर्ती अपडेट: असिस्टेंट प्रोफेसर सहित कई पदों पर आवेदन प्रक्रिया जारी, 15 मई तक फॉर्म जमा करने का मौका

नई दिल्ली, 9 मई (आईएएनएस)। सरकारी कर्मचारी बनने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए एक शानदार अवसर सामने आया है। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने विभिन्न विभागों में असिस्टेंट प्रोफेसर सहित कुल 5 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
यूपीएससी भर्ती अपडेट: असिस्टेंट प्रोफेसर सहित कई पदों पर आवेदन प्रक्रिया जारी, 15 मई तक फॉर्म जमा करने का मौका

नई दिल्ली, 9 मई (आईएएनएस)। सरकारी कर्मचारी बनने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए एक शानदार अवसर सामने आया है। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने विभिन्न विभागों में असिस्टेंट प्रोफेसर सहित कुल 5 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।

आयोग ने जिन विभागों में वैकेंसी निकाली है, उनमें उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के उपभोक्ता मामलों के विभाग के राष्ट्रीय परीक्षण केंद्र में वैज्ञानिक-बी (यांत्रिक) का 1 पद; उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के उपभोक्ता मामलों के विभाग के राष्ट्रीय परीक्षण गृह में वैज्ञानिक अधिकारी (गैर-विनाशकारी) का 1 पद, संस्कृति मंत्रालय के भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण में अधीक्षण पुरातत्व अभियंता (सुपरिटेंडिंग आर्कियोलॉजिकल इंजीनियर) के 2 पद, और पुणे स्थित सैन्य इंजीनियरिंग महाविद्यालय में सिविल इंजीनियरिंग (सर्वेक्षण) के असिस्टेंट प्रोफेसर का 1 पद शामिल है।

इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 अप्रैल से शुरू हो चुकी है और आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 मई तय की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर आवेदन करना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अंतिम तिथि की शाम 6 बजे तक या उससे पहले अपना आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद के अनुसार भौतिकी में मास्टर डिग्री, मैकेनिकल/मेटलर्जिकल इंजीनियरिंग में बीई/बीटेक, इलेक्ट्रिकल/मैकेनिकल/मेटलर्जी इंजीनियरिंग में बीई/बीटेक, सिविल इंजीनियरिंग में बैचलर डिग्री, या सिविल इंजीनियरिंग में बीई/बीटेक के साथ सिविल इंजीनियरिंग (जियोइन्फॉर्मेटिक्स/जियोइन्फॉर्मेटिक्स एवं सर्वेइंग टेक्नोलॉजी) में एमई/एमटेक की डिग्री होना आवश्यक है। इसके साथ ही उम्मीदवारों के पास संबंधित क्षेत्र में निर्धारित वर्षों का अनुभव तथा अन्य आवश्यक पात्रताएं और कौशल होना भी अनिवार्य है।

उम्मीदवारों की अधिकतम आयु सीमा पद के अनुसार 33 से 40 वर्ष के बीच तय की गई है। आयु की गणना आवेदन की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन योग्यता और अनुभव के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, भर्ती परीक्षा (यदि यूपीएससी द्वारा आयोजित की जाए), इंटरव्यू और अंतिम मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार 7वें सीपीसी के तहत वेतन मैट्रिक्स के लेवल-8, 10 और 11, तथा शैक्षणिक स्तर-10 के अनुसार वेतन प्रदान किया जाएगा।

एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपनी श्रेणी के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करना होगा। सामान्य/ओबीसी वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 25 रुपये तय किया गया है। वहीं, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दिव्यांग और महिला अभ्यर्थियों को आवेदन शुल्क में छूट दी गई है।

ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर आवेदन पत्र में मांगी गई सभी जानकारियां दर्ज करें। मांगे गए सभी दस्तावेज सही आकार में अपलोड करें। इसके बाद आवेदन शुल्क का भुगतान कर फॉर्म सबमिट कर दें। अंत में आवेदन पत्र की एक प्रति भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित रख लें।

उम्मीदवारों को भर्ती से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए यूपीएससी द्वारा जारी विस्तृत अधिसूचना को आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पढ़ने की सलाह दी जाती है।

--आईएएनएस

डीके/एएस

Share this story

Tags