NEET पेपर लीक पर संसद में फिर हंगामा: विपक्ष का जोरदार प्रदर्शन, वीडियो में जाने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग; दोनों सदनों की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित
NEET पेपर लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर संसद के मानसून सत्र में शुक्रवार को भी जोरदार हंगामा देखने को मिला। विपक्षी दलों के सांसदों ने संसद परिसर के मकर द्वार के बाहर प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विपक्ष का आरोप है कि पेपर लीक मामले में सरकार जवाबदेही से बच रही है और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है। हंगामे के कारण लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चल सकी। दोनों सदनों में शोर-शराबे के बीच कार्यवाही को दोपहर 12 बजे तक स्थगित करना पड़ा।
खड़गे बोले- पीएम सदन में दें जवाब
कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि सरकार वास्तव में इस मुद्दे को गंभीरता से ले रही है तो प्रधानमंत्री को संसद में आकर बयान देना चाहिए।खड़गे ने कहा कि "रात 12 बजे वीडियो संदेश जारी करने के बजाय प्रधानमंत्री को संसद में आकर जवाब देना चाहिए। सदन में दिया गया बयान ही लोकतांत्रिक जवाबदेही का सही तरीका है।" उन्होंने कहा कि विपक्ष प्रधानमंत्री की बात तभी स्वीकार करेगा जब वह संसद के भीतर इस मुद्दे पर अपना पक्ष रखें।
विपक्ष की मांग- शिक्षा मंत्री दें इस्तीफा
विपक्ष लगातार शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहा है। विपक्षी दलों का कहना है कि देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित किया है, इसलिए सरकार को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए कार्रवाई करनी चाहिए।प्रदर्शन के दौरान कई विपक्षी सांसदों ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ नारे लगाए और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई।
भाजपा ने सांसदों को जारी किया व्हिप
संसद में महत्वपूर्ण चर्चा और संभावित विधायी कार्यवाही को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने अपने सभी एनडीए सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है। पार्टी ने सांसदों को शुक्रवार को पूरे समय सदन में मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि सरकार के एजेंडे से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर प्रभावी ढंग से भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
दोपहर 1 बजे होगी कैबिनेट बैठक
संसद की कार्यवाही के बीच केंद्र सरकार ने शुक्रवार दोपहर 1 बजे कैबिनेट की बैठक भी बुलाई है। माना जा रहा है कि बैठक में परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने और पेपर लीक पर सख्त कार्रवाई से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा हो सकती है।
PM ने दिया था सख्त कानून का संकेत
गुरुवार देर रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा था कि सरकार पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कड़े कदम उठाएगी। उन्होंने बताया था कि पेपर लीक में सजा से जुड़े प्रस्ताव को कैबिनेट की बैठक में रखा जाएगा, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।अब सभी की निगाहें कैबिनेट बैठक और संसद की आगे की कार्यवाही पर टिकी हैं। यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि सरकार विपक्ष की मांगों पर क्या रुख अपनाती है और पेपर लीक रोकने के लिए कौन से नए कदम उठाए जाते हैं।

