Samachar Nama
×

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने चेन्नई में इंडिया वाल्व रजिस्ट्री का किया शुभारंभ

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने चेन्नई में इंडिया वाल्व रजिस्ट्री का किया शुभारंभ
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने चेन्नई में इंडिया वाल्व रजिस्ट्री का किया शुभारंभ

चेन्नई, 5 सितंबर (आईएएनएस)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने शनिवार को चेन्नई में आयोजित इंडिया वाल्व्स 2026 सम्मेलन के दौरान इंडिया वाल्व रजिस्ट्री का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने भारत-विशिष्ट नैदानिक साक्ष्य तैयार करने के महत्व पर जोर दिया, ताकि हृदय रोग से जुड़े अनुसंधान को मजबूत किया जा सके, चिकित्सीय निर्णय प्रक्रिया में सुधार हो और मरीजों के उपचार परिणाम बेहतर बनें।

उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य तभी पूरा होगा जब वह स्वस्थ भारत भी बने। उन्होंने डॉक्टरों, शोधकर्ताओं और संस्थानों के बीच अधिक सहयोग का आह्वान किया, ताकि चिकित्सा क्षेत्र में हो रही प्रगति अधिक समावेशी और सुलभ बन सके।

इससे पहले चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर उपराष्ट्रपति का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। तमिलनाडु के स्कूल शिक्षा, तमिल विकास, सूचना एवं प्रचार मंत्री थिरु राज मोहन सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने हवाई अड्डे पर उनकी अगवानी की।

गौरतलब है कि उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन 6 से 9 सितंबर तक असम, मेघालय, मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश के चार दिवसीय दौरे पर रहेंगे।

अपने दौरे के दौरान उपराष्ट्रपति शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे, साथ ही ऐतिहासिक, सामाजिक और राष्ट्रीय महत्व के संस्थानों का दौरा करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 6 सितंबर को उपराष्ट्रपति असम के गुवाहाटी पहुंचेंगे। वह गीतानगर कॉलेज, जिसे पहले कन्या महाविद्यालय के नाम से जाना जाता था, के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे। बाद में वह गुवाहाटी स्थित श्रीमंत शंकरदेव स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (एसएसयूएचएस) के दीक्षांत समारोह में भाग लेंगे।

7 सितंबर को उपराष्ट्रपति गौहाटी विश्वविद्यालय में शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे, उसके बाद विश्वविद्यालय के कन्वेंशन सेंटर में छात्रों, संकाय सदस्यों और प्रमुख नागरिकों के साथ बातचीत करेंगे। इसके बाद वह मेघालय के शिलांग जाएंगे, जहां वह सोसो थाम ऑडिटोरियम में एक सार्वजनिक स्वागत और सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेंगे।

8 सितंबर को उपराष्ट्रपति मणिपुर के इंफाल का दौरा करेंगे। वह मोइरांग स्थित आईएनए संग्रहालय और युद्ध स्मारक तथा सैनिक स्कूल इंफाल का दौरा करेंगे। इसके बाद वह अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर जाएंगे।

9 सितंबर को उपराष्ट्रपति अरुणाचल प्रदेश विधानसभा के विशेष सत्र में भाग लेंगे और विधानसभा गैलरी-सह-संग्रहालय का दौरा करेंगे। वह ईटानगर में न्येदार नमलो, जवाहरलाल नेहरू राज्य संग्रहालय और सुनने और देखने में अक्षम लोगों के लिए डोनी पोलो मिशन स्कूल का भी दौरा करेंगे।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story

Tags