Samachar Nama
×

उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूक रहें, धोखाधड़ी पर करें शिकायत : दिलीप घोष

उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूक रहें, धोखाधड़ी पर करें शिकायत : दिलीप घोष
उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूक रहें, धोखाधड़ी पर करें शिकायत : दिलीप घोष

कोलकाता, 6 सितंबर (आईएएनएस)। उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने और बाजार में होने वाली धोखाधड़ी से बचाने के उद्देश्य से उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा आयोजित उपभोक्ता अधिकार संरक्षण सप्ताह के तहत रविवार को जिला परिषद के खुदीराम प्लानिंग भवन में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मंत्री दिलीप घोष, विभागीय अधिकारी, विभिन्न स्कूलों के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

मंत्री दिलीप घोष ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को अपने अधिकारों की जानकारी होना बेहद जरूरी है ताकि किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी की स्थिति में वे उचित कार्रवाई कर सकें। उन्होंने लोगों से अपील की कि उत्पाद या सेवाएं खरीदते समय सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की ठगी होने पर संबंधित विभाग में शिकायत दर्ज कराएं।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने बताया कि आज बाजार में वस्तुओं और सेवाओं की भरमार है, लेकिन जागरूकता की कमी के कारण कई उपभोक्ता धोखाधड़ी का शिकार हो जाते हैं। ऐसे मामलों में चुप रहने के बजाय उपभोक्ताओं को अपने अधिकारों का उपयोग करते हुए शिकायत दर्ज करानी चाहिए।

जागरूकता अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक और लाइव प्रदर्शन के माध्यम से उपभोक्ता अधिकारों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। विशेष रूप से सोने के आभूषण खरीदते समय बरती जाने वाली सावधानियों पर एक लघु नाटिका प्रस्तुत की गई। इसमें उपभोक्ताओं को हॉलमार्क, शुद्धता, बिल और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच करने की सलाह दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि खरीदारी के बाद किसी प्रकार की समस्या आने पर शिकायत कैसे और कहां दर्ज कराई जा सकती है।

इसके अलावा एलपीजी गैस सिलेंडर खरीदने और प्राप्त करने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर भी विशेष प्रदर्शन किया गया। इसमें गैस सिलेंडर की सील, निर्धारित वजन, सुरक्षा मानकों और अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की जांच के महत्व को समझाया गया। वास्तविक परिस्थितियों पर आधारित इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों और विद्यार्थियों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।

उपभोक्ता अधिकार संरक्षण सप्ताह के दौरान स्कूली छात्रों को भी जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया। विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और उपभोक्ता सुरक्षा से जुड़े नाटकों एवं प्रदर्शनों को देखा। आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार की पहल युवाओं को भविष्य में जागरूक और जिम्मेदार उपभोक्ता बनने के लिए प्रेरित करती है।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि उपभोक्ता जागरूकता ही धोखाधड़ी और आर्थिक नुकसान से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। लोगों को किसी भी वस्तु या सेवा को खरीदने से पहले उसकी गुणवत्ता, कीमत, बिल, गारंटी या वारंटी और अन्य जरूरी जानकारी की जांच अवश्य करनी चाहिए। यदि किसी प्रकार की ठगी का सामना करना पड़े तो संबंधित विभाग से संपर्क कर शिकायत दर्ज करानी चाहिए।

जागरूकता संदेशों, चर्चा और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम ने लोगों को उपभोक्ता अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। आयोजकों ने उम्मीद जताई कि ऐसे अभियान उपभोक्ताओं को अधिक जागरूक और सतर्क बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी

Share this story

Tags