Samachar Nama
×

UP Weather Update: यूपी में आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश का अलर्ट, नोएडा-गाजियाबाद में बढ़ी ठंड

UP Weather Update: यूपी में आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश का अलर्ट, नोएडा-गाजियाबाद में बढ़ी ठंड

उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग ने 12 अक्टूबर को पश्चिमी यूपी के कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। रविवार शाम से ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ठंडी हवाओं का असर दिखने लगा था। वहीं, देर रात नोएडा और गाजियाबाद समेत आसपास के इलाकों में तेज बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई और ठंडक बढ़ गई।

नोएडा-गाजियाबाद में बारिश से बदला मौसम

पश्चिमी यूपी के कई इलाकों में सोमवार सुबह भी बारिश और बूंदाबांदी का दौर जारी रहा। मौसम विभाग के अनुसार, कुछ स्थानों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। नोएडा और गाजियाबाद में हुई मूसलाधार बारिश के कारण कई जगह जलभराव की स्थिति बन गई। बारिश और ठंडी हवाओं से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, जबकि सुबह के मौसम में ठंडक बढ़ गई है।

मेरठ, शामली, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद और बरेली में भी रविवार को तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी खबर है। सोमवार को नोएडा, गाजियाबाद, बागपत, मेरठ, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर और मुरादाबाद सहित आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।

पूर्वी यूपी में मौसम रहेगा शुष्क

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुकाबले पूर्वी यूपी में सोमवार को मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। लखनऊ, सीतापुर, गोरखपुर और वाराणसी समेत कई जिलों में बारिश को लेकर कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। इन इलाकों में आसमान साफ रहने और दिन में धूप निकलने की संभावना है। हालांकि, सुबह और शाम के समय तापमान में गिरावट के कारण हल्की ठंड महसूस हो सकती है।

15 अक्टूबर से फिर बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक, 14 अक्टूबर तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी जारी रह सकती है। इसके बाद 15 अक्टूबर से नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते पश्चिमी यूपी और तराई क्षेत्रों में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। मौसम में इस बदलाव के साथ तापमान में और गिरावट आ सकती है, जिससे आने वाले दिनों में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने के आसार हैं।

Share this story

Tags