Samachar Nama
×

UP Weather Update: यूपी में थमा बारिश का दौर, निकली धूप; अगले 3 दिन बढ़ेगा तापमान
 

UP Weather Update: यूपी में थमा बारिश का दौर, निकली धूप; अगले 3 दिन बढ़ेगा तापमान

उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। पिछले कई दिनों से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हो रही बारिश अब थम गई है। मौसम साफ होने के साथ कई इलाकों में धूप निकलने लगी है। मौसम विभाग ने 1 अक्टूबर से प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान किसी भी जिले में बारिश को लेकर चेतावनी जारी नहीं की गई है और सभी जिले ग्रीन जोन में रहेंगे।


6 अक्टूबर तक मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विभाग के अनुसार, 1 अक्टूबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर पूर्वांचल तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। दोनों संभागों में बारिश के आसार नहीं हैं। दिन में धूप निकलने से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
बारिश का दौर थमने के साथ दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई भी आगे बढ़ रही है। अगले 2 से 3 दिनों में प्रदेश के बाकी हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने का अनुमान है। 1 से 6 अक्टूबर के बीच प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है।
लखनऊ समेत इन जिलों में निकलेगी धूप
राजधानी लखनऊ में सुबह से मौसम साफ रहने का अनुमान है। दिन चढ़ने के साथ धूप तेज होगी और पूरे दिन मौसम शुष्क बना रह सकता है। यहां अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, सीतापुर, अयोध्या, गोंडा, बस्ती, जौनपुर और मीरजापुर समेत कई जिलों में भी मौसम साफ रहेगा। इन इलाकों में बारिश की संभावना नहीं है।
पश्चिमी यूपी के नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर, रामपुर, आगरा, मथुरा और बरेली में भी मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इन जिलों में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
अगले 3 दिन में बढ़ेगा तापमान
बारिश थमने और धूप निकलने के साथ प्रदेश के तापमान में बढ़ोतरी का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक इजाफा होने का अनुमान है।
मानसून की विदाई के साथ मौसम में ठंडक कम होगी और दिन के समय लोगों को दोबारा गर्मी का एहसास हो सकता है।
 

Share this story

Tags