UP Weather: आज 20 से ज्यादा जिलों में बारिश का अलर्ट, 40 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; जानें मौसम अपडेट
उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है. बंगाल की खाड़ी में बने मौसमी प्रभाव के चलते गुरुवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने के आसार हैं. मौसम विभाग ने पूर्वी, पश्चिमी और मध्य यूपी के कई जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है.
कई जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं, दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. बारिश के प्रभाव से कुछ इलाकों में तापमान में गिरावट भी दर्ज की जा सकती है.
30 से 40 KM प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, बारिश के साथ प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं. इनकी रफ्तार करीब 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है.
बारिश के बावजूद दिन में उमस का असर बना रह सकता है. हालांकि जिन इलाकों में बारिश होगी, वहां तापमान में कुछ राहत मिलने की संभावना है. फिलहाल प्रदेश में कहीं भी बहुत भारी या मूसलाधार बारिश की चेतावनी नहीं है.
लखनऊ में भी बारिश के आसार
राजधानी लखनऊ में गुरुवार को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है. यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
वहीं कानपुर में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर में तापमान करीब 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.
प्रदेश के कई अन्य पूर्वी जिलों में अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है.
20 से ज्यादा जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी यूपी के अलावा मध्य क्षेत्र के कई जिलों में भी बारिश की संभावना जताई है. जिन इलाकों में बारिश हो सकती है, उनमें प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, आजमगढ़, देवरिया, मिर्जापुर, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, बस्ती और संत कबीर नगर शामिल हैं.
इसके अलावा बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली और अमेठी में भी हल्की बारिश के आसार हैं.
बारिश से तापमान में आएगी गिरावट
प्रदेश में सामान्य तौर पर अधिकतम तापमान 31 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
बीते 24 घंटे में भी ज्यादातर शहरों में अधिकतम तापमान 31 से 35 डिग्री के बीच दर्ज किया गया. गुरुवार को बारिश वाले इलाकों में तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है. कुछ स्थानों पर यह गिरावट करीब 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है.
मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल भारी बारिश का खतरा नहीं है, लेकिन गरज-चमक और तेज हवाओं के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है.

