UP Weather Alert: यूपी में बदला मौसम, 13 जिलों में Orange Alert और 29 से ज्यादा जिलों में Yellow Alert
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है. बंगाल की खाड़ी में बने दबाव और पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है. मौसम विभाग ने पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक को लेकर अलर्ट जारी किया है.
राजधानी लखनऊ समेत मध्य यूपी के कई इलाकों में आज आसमान में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. वहीं पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.
13 जिलों में Orange Alert
मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर और अयोध्या के आसपास के इलाकों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.
इन जिलों में प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं. तेज बारिश के साथ कुछ स्थानों पर जलभराव की स्थिति भी बन सकती है.
29 से ज्यादा जिलों में Yellow Alert
पूर्वी और मध्य यूपी के 29 से ज्यादा जिलों में मौसम विभाग ने Yellow Alert जारी किया है. इनमें प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, अंबेडकरनगर, हमीरपुर और महोबा शामिल हैं.
इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है. लोगों को मौसम खराब होने के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है.
4 से 8 डिग्री तक गिर सकता है तापमान
बारिश के असर से प्रदेश के कई जिलों में तापमान में बड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है. मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक अधिकतम तापमान करीब 26 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.
लखनऊ में अधिकतम तापमान 26 से 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर में अधिकतम तापमान 28 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि कानपुर में तापमान करीब 30 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है.
40 KM प्रति घंटे तक चल सकती हैं हवाएं
बारिश के साथ प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है. हवाओं की रफ्तार करीब 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में भी गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है.
मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए लोगों को बारिश और आंधी के दौरान सावधानी बरतने तथा मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है.

