Samachar Nama
×

यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस, कार्यकर्ताओं को दी जाएगी ट्रेनिंग: तनुज पुनिया

यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस, कार्यकर्ताओं को दी जाएगी ट्रेनिंग: तनुज पुनिया
यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस, कार्यकर्ताओं को दी जाएगी ट्रेनिंग: तनुज पुनिया

लखनऊ, 13 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन की बैठक, समाजवादी पार्टी के सांसद एसपी सिंह पटेल के बयान, चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी के गठबंधन और आजम खान को ईडी की हिरासत में लिए जाने सहित कई मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम शुरू कर दिया है। इसके तहत कार्यकर्ताओं और संगठन से जुड़े लोगों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि पार्टी की बात और उसके मुद्दे जनता तक पहुंचाए जा सकें।

पार्टी की बैठक को लेकर तनुज पुनिया ने कहा कि यह संगठन की औपचारिक शुरुआत है और इसका उद्देश्य 2027 के चुनाव की तैयारियों को गति देना है। बैठक में इस बात पर चर्चा होगी कि संगठन को चुनाव के लिए किस तरह तैयार किया जाए और पार्टी जनता के बीच अपनी बात प्रभावी ढंग से कैसे पहुंचाए। एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में चार विभागों, मीडिया, सोशल मीडिया, लीगल सेल और कनेक्ट सेंटर, को शामिल किया गया है। इन विभागों से जुड़े लोगों को प्रशिक्षण दिया जाएगा कि पार्टी नेताओं की आवाज और उनके विचारों को जमीनी स्तर तक किस तरह पहुंचाया जाए।

पुनिया ने कहा कि भाजपा ने पिछले दस वर्षों में उत्तर प्रदेश के हर समाज का शोषण किया है और प्रदेश को पिछड़ने की दिशा में धकेला है। प्रशिक्षण के दौरान इन मुद्दों को जनता के सामने रखने की रणनीति पर भी काम होगा। कांग्रेस का प्रयास रहेगा कि संगठन के माध्यम से पार्टी की बात समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचे।

समाजवादी पार्टी के सांसद एसपी सिंह पटेल की ओर से दुर्गा पूजा और कांवड़ यात्रा को लेकर दिए गए बयान पर पुनिया ने कहा कि किसी को भी दूसरे व्यक्ति की आस्था के बारे में इस तरह की टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। हर व्यक्ति की अपनी धार्मिक आस्था होती है और उसका सम्मान किया जाना चाहिए। यदि किसी आयोजन में कोई एक-दो मामला लापरवाही का सामने आया हो, तो उसके आधार पर पूरी आस्था या परंपरा को लेकर टिप्पणी करना उचित नहीं है। उन्होंने एसपी सिंह पटेल के बयान को गलत बताया और कहा कि किसी की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचनी चाहिए।

चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी की गठबंधन को लेकर कांग्रेस सांसद ने कहा कि कोई तीसरा या चौथा मोर्चा बना ले, इससे इंडिया गठबंधन पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। जनता ने यह तय कर लिया है कि वह इंडिया गठबंधन के साथ रहेगी। कश्मीर से कन्याकुमारी तक इंडिया गठबंधन लगातार भाजपा के खिलाफ और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करता रहा है। गठबंधन संविधान के मूल्यों की सुरक्षा के लिए लड़ रहा है और जनता इन प्रयासों को देख रही है।

इस गठबंधन को इंडिया ब्लॉक में शामिल किए जाने की संभावना के सवाल पर पुनिया ने कहा कि यह फैसला कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को करना है। यदि पार्टी नेतृत्व इसे उचित समझेगा, तो इस संबंध में निर्णय लिया जाएगा।

आजम खान को ईडी की हिरासत में लिए जाने के मुद्दे पर पुनिया ने भाजपा पर विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा का तरीका है कि चुनाव के समय विपक्षी नेताओं पर कार्रवाई की जाती है। ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों को भेजकर नेताओं पर दबाव बनाया जाता है और उन्हें जेल में डालने की कार्रवाई की जाती है। ऐसा करके दूसरे विपक्षी नेताओं को भी डराने की कोशिश होती है।

--आईएएनएस

पीएसके

Share this story