संभल में दो शिफ्टों में पढ़ी गई नमाज, शाही जामा मस्जिद के अध्यक्ष ने अमन चैन की मांगी दुआ
संभल, 28 मई (आईएएनएस)। ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर उत्तर प्रदेश के संभल, हरदोई और मुरादाबाद की मस्जिदों में शांतिपूर्ण माहौल में नमाज पढ़ी गई। संभल में दो शिफ्टों में नमाज पढ़ी गई। संभल स्थित शाही जामा मस्जिद के अध्यक्ष एडवोकेट जफर अली ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि पुलिस-प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। उन्होंने कहा कि माहौल शांतिपूर्ण है और कोई परेशानी नहीं है।
जफर अली ने कहा कि अल्लाह से दुआ है कि पूरे देश और संभल में शांति और सुकून कायम रखे। सड़क पर कोई नमाज अदा नहीं की गई है। हमने अपनी मस्जिद में दो शिफ्टों में नमाज पढ़ी है।
मुरादाबाद में समाजवादी पार्टी के नेता एसटी हसन ने कहा कि ईद-उल-अजहा पर हम अल्लाह की मौजूदगी में अपनी सबसे प्यारी चीजें कुर्बान करते हैं। हम यह संदेश भी देते हैं कि हम सर्वशक्तिमान की खातिर कुर्बानी की भावना को बनाए रखते हैं। यह संदेश आम लोगों के लिए भी होना चाहिए कि उन्हें छोटी-मोटी बातों या मतभेदों को लेकर एक-दूसरे का दुश्मन नहीं बनना चाहिए। सभी को त्योहार प्यार, एकता और आपसी सम्मान के साथ मिलकर मनाने चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी नहीं करनी चाहिए।
लखनऊ में मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने कहा कि पूरे देश में बकरीद का त्योहार अच्छे माहौल में मनाया जा रहा है। देश की खुशहाली के लिए दुआ मांगी जाएगी। उन्होंने अपील की कि जो एडवाइजरी जारी की गई है। उसके अनुसार ही ईदगाह के अंदर ही नमाज अदा करें और किसी भी सार्वजनिक स्थान पर कुर्बानी न करें। जो भी चिह्नित स्थान हैं, वहीं पर ही कुर्बानी की जाए।
हरदोई के एक स्थानीय व्यक्ति ने कहा कि आज ईद की नमाज मुसलमानों ने ईदगाह में शांतिपूर्वक और पूरे सम्मान के साथ सामूहिक रूप से अदा की। जबकि कई अन्य लोगों ने अलग-अलग मस्जिदों में भी नमाज पढ़ी है। एक और नमाजी ने कहा कि आज बकरीद की नमाज पढ़ी गई। देशवासियों को ईद-उल-अजहा का मुबारकबाद देते हैं। कुर्बानी को लेकर शख्स ने साफ-सफाई का ध्यान रखने की अपील की।
हरदोई के सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार ने कहा कि कोतवाली शहर के ईदगाह पर सकुशल तरीके से नमाज अदा की जा चुकी है। सभी लोगों को बकरीद की शुभकामनाएं दी गईं। हम लोगों की ओर से पूरी सतर्कता बरती जा रही है।
--आईएएनएस
एसडी/वीसी

