Samachar Nama
×

यूपी पीईटी 2026: पुलिस अधिकारियों ने परखी परीक्षा की तैयारियां, केद्रों पर सतर्कता के निर्देश

यूपी पीईटी 2026: पुलिस अधिकारियों ने परखी परीक्षा की तैयारियां, केद्रों पर सतर्कता के निर्देश
यूपी पीईटी 2026: पुलिस अधिकारियों ने परखी परीक्षा की तैयारियां, केद्रों पर सतर्कता के निर्देश

ग्रेटर नोएडा, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित की जा रही प्रारंभिक अर्हता परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट पूरी तरह सतर्क है। परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अभ्यर्थियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है।

इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन सिंह और एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ थाना ईकोटेक-3 और थाना बिसरख क्षेत्रांतर्गत बनाए गए परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इन केंद्रों पर उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से यूपी पीईटी 2026 की परीक्षा आयोजित की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा इंतजामों, पुलिस बल की तैनाती और ड्यूटी व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। साथ ही केंद्रों के आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा और निगरानी की स्थिति का भी आकलन किया गया। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, असुविधा या कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्या उत्पन्न न हो। इस दौरान परीक्षा केंद्रों पर ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। उन्हें कहा गया कि परीक्षा केंद्रों के अंदर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज न करें। सभी पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी मुस्तैदी, सतर्कता और निष्पक्षता के साथ करें।

डीसीपी और एडीसीपी ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी संबंधित अधिकारी आपस में संपर्क बनाए रखें और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यूपी पीईटी 2026 को सकुशल संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए परीक्षा केंद्रों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी सतर्क निगरानी रखी जाएगी, ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा देने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और पूरी परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। गौतमबुद्धनगर पुलिस की ओर से परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

--आईएएनएस

पीकेटी/एसके

Share this story