Samachar Nama
×

यूपी एमएलसी चुनाव: दोपहर दो बजे तक 40.87 फीसदी मतदान, सपा ने फर्जी वोटिंग का लगया आरोप

यूपी एमएलसी चुनाव: दोपहर दो बजे तक 40.87 फीसदी मतदान, सपा ने फर्जी वोटिंग का लगया आरोप
यूपी एमएलसी चुनाव: दोपहर दो बजे तक 40.87 फीसदी मतदान, सपा ने फर्जी वोटिंग का लगया आरोप

लखनऊ, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की पांच खंड स्नातक और छह खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की 11 सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान के बीच समाजवादी पार्टी ने कथित फर्जी मतदान, मतदाताओं से मारपीट और मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने के आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग से लगातार शिकायतें कीं।

सपा ने मैनपुरी, औरैया, सहारनपुर, झांसी, मुजफ्फरनगर और प्रयागराज समेत कई स्थानों पर गड़बड़ी का आरोप लगाकर तत्काल जांच और कार्रवाई की मांग की। इस बीच, निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, दोपहर दो बजे तक कुल 40.87 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश कार्यालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में वाराणसी खंड 57.97 प्रतिशत मतदान के साथ सबसे आगे रहा। वहीं, स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में आगरा खंड में सबसे अधिक 32 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में सबसे कम 26.30 प्रतिशत मतदान हुआ। दोपहर दो बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार, लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 27.53 प्रतिशत, वाराणसी में 28.59 प्रतिशत, आगरा में 32 प्रतिशत, मेरठ में 30.38 प्रतिशत और इलाहाबाद-झांसी खंड में 26.30 प्रतिशत मतदान हुआ। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ खंड में 36.50 प्रतिशत, वाराणसी में 57.97 प्रतिशत, आगरा में 48.20 प्रतिशत, मेरठ में 46.66 प्रतिशत, बरेली-मुरादाबाद में 59.17 प्रतिशत और गोरखपुर-फैजाबाद खंड में 56.32 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र 59.17 प्रतिशत मतदान के साथ सभी 11 सीटों में सबसे आगे रहा।

इन चुनावों में कुल 14,81,310 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान के लिए 2,697 मतदान स्थल बनाए गए हैं, जबकि चुनाव मैदान में 152 प्रत्याशी हैं। मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ और शाम चार बजे तक चलेगा। समाजवादी पार्टी ने सोशल मीडिया के माध्यम से चुनाव आयोग से लगातार शिकायतें करते हुए निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित कराने की मांग की। पार्टी ने आरोप लगाया कि मैनपुरी के बेवर स्थित अमर शहीद इंटर कॉलेज के बूथ संख्या 161 पर भाजपा विधायक प्रशासन पर दबाव बनाकर वोट डंपिंग करा रहे हैं।

सपा ने औरैया की बिधूना विधानसभा के ऐरवा ब्लॉक स्थित मतदान केंद्र पर भाजपा से जुड़े लोगों पर मतदाताओं से मारपीट और फर्जी मतदान कराने का आरोप लगाया। सहारनपुर की नगर विधानसभा के महाराज सिंह डिग्री कॉलेज स्थित बूथ संख्या 34 पर भी फर्जी मतदान की शिकायत की गई। झांसी के गुरसराय स्थित बूथ संख्या 284 पर भाजपा से जुड़े कुछ लोगों पर पार्टी की पर्चियां लेकर फर्जी मतदान करने का आरोप लगाते हुए सपा ने कहा कि प्रशासन से शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई है। मुजफ्फरनगर में भी पार्टी ने एक भाजपा मंत्री पर फर्जी मतदान कराने और नियमों के विरुद्ध मुख्य चुनाव अभिकर्ता होने का दावा करने का आरोप लगाया।

प्रयागराज की बारा विधानसभा के कौंधियारा ब्लॉक स्थित बूथ संख्या 98 और 99 पर भाजपा के पक्ष में फर्जी मतदान कराए जाने की शिकायत की गई। सपा ने इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में पीठासीन अधिकारी पर मतदाताओं को भाजपा प्रत्याशी का क्रमांक बताकर मतदान प्रभावित करने का आरोप भी लगाया। पार्टी ने चुनाव आयोग से सभी शिकायतों की तत्काल जांच कराने, दोषियों और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने की मांग की। इन शिकायतों पर निर्वाचन अधिकारियों की ओर से कार्रवाई की स्थिति की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के दौरान भाजपा सांसद अनुराग शर्मा का नाम मतदाता सूची में नहीं होने की बात भी सामने आई। बताया गया कि सांसद ने मतदाता बनने के लिए आवेदन किया था, लेकिन उनका नाम सूची में शामिल नहीं हो सका। इस पर समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद चंद्रपाल सिंह यादव ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जब सांसद का ही नाम मतदाता सूची से छूट गया तो अंदाजा लगाया जा सकता है कि कितने अन्य लोगों के नाम छूटे होंगे। उन्होंने मतदाता सूची को अपूर्ण बताया। आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव के दौरान नौरंगीलाल इंटर कॉलेज स्थित मतदान केंद्र पर दो संदिग्ध एजेंट मिलने की सूचना पर जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे।

पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर सिविल लाइंस थाने ले गई, जहां उनसे पूछताछ की गई। गोरखपुर में सपा प्रत्याशी डॉ. संजय त्रिपाठी के साथ धक्का-मुक्की किए जाने का आरोप लगा। बताया गया कि वह मतदान केंद्र के बाहर मीडिया को बयान दे रहे थे। अलीगढ़ में राज्यमंत्री सुरेंद्र दिलेर के मतदान केंद्र के अंदर जाने पर सपा समर्थकों और एजेंटों ने विरोध जताया। अलीगढ़ में भाजपा प्रत्याशी के एजेंट बनकर पहुंचे दो युवकों को पकड़े जाने की भी सूचना है। फतेहपुर में सपा और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट हुई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर फर्जी मतदान के आरोप लगाए।

वाराणसी की सदर तहसील में सपा के स्नातक एमएलसी प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा के पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध किया और हंगामा हुआ। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रत्याशी मतदान केंद्र के अंदर जाकर मतदाताओं से वोट देने की अपील कर रहे थे। अयोध्या में मतदान से पहले बूथ एजेंटों के मतदाताओं के पैर छूने के दृश्य सामने आने की बात भी कही गई।

हापुड़ जिले में सभी 14 मतदान केंद्रों पर सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हुआ। केंद्रों के बाहर प्रत्याशियों की ओर से शिविर लगाए गए थे, जहां समर्थक मतदाताओं से अपने पक्ष में वोट देने की अपील करते नजर आए। जिले में किसी अप्रिय घटना या हंगामे की सूचना नहीं मिली। जिलाधिकारी कविता मीना और पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार ने मतदान केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मतदान के दौरान विभिन्न जिलों से आई शिकायतों और हंगामे की घटनाओं के बीच अब सबकी नजर शाम चार बजे मतदान समाप्त होने के बाद जारी होने वाले अंतिम मतदान प्रतिशत पर है।

--आईएएनएस

विकेटी/डीएससी

Share this story