Samachar Nama
×

यूपी में तीसरी बार पूर्ण बहुमत के साथ बनेगी एनडीए की सरकार : भोला सिंह

यूपी में तीसरी बार पूर्ण बहुमत के साथ बनेगी एनडीए की सरकार : भोला सिंह
यूपी में तीसरी बार पूर्ण बहुमत के साथ बनेगी एनडीए की सरकार : भोला सिंह

नई दिल्ली, 15 सितंबर (आईएएनएस)। भाजपा सांसद भोला सिंह ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और एनडीए पर भरोसा जताएगी और प्रदेश में तीसरी बार पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनेगी।

नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा सांसद ने यूपी चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा की सरकार के दौरान प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय महिलाओं और बहनों की सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता रहती थी और युवाओं को रोजगार के नाम पर पैसे लिए जाते थे। जनता उन बातों को भूली नहीं है। 2027 में जनता इसका फिर जवाब देगी। हमारी सरकार ने उत्तर प्रदेश को विकसित बनाने की दिशा में काम किया है। यूपी की जनता भाजपा पर भरोसा करेगी और तीसरी बार हमारी सरकार बनाएगी।

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए काम करती है। साथ ही, राष्ट्रीय हित, राष्ट्र निर्माण और जनकल्याण से जुड़े जरूरी फैसले भी लिए जाते हैं। पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं, जिनमें अनुच्छेद 370 और 35ए को हटाना शामिल है। देश और जनता के हित में लिए जाने वाले हर फैसले को सरकार महत्वपूर्ण मानती है।

भोला सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए जो भी आवश्यक निर्णय लेने होंगे, सरकार उन्हें लेगी।

समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के मुद्दे पर भोला सिंह ने कहा कि एनडीए के सभी दल भाजपा के साथ हैं। सरकार में महत्वपूर्ण फैसले सभी सहयोगी दलों के साथ विचार-विमर्श और चर्चा के बाद लिए जाते हैं। अमित शाह ने यूसीसी को लेकर जो बात कही है, इसमें सभी दलों के साथ चर्चा की गई।

यूसीसी पर एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर भोला सिंह ने कहा कि ओवैसी अपना वोट बैंक बनाए रखना चाहते हैं। इसी वजह से वे सरकार की ओर से किए जा रहे कार्यों का समर्थन नहीं करते। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' की नीति पर लगातार काम कर रही है और किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जाता। सरकार की योजनाओं का लाभ मुस्लिम समुदाय को भी मिला है। सरकार मुस्लिम युवाओं को शिक्षा के अवसर देने और नए स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए भी काम कर रही है। जो लोग जाति और धर्म के नाम पर राजनीति करते हैं, उनका वास्तविक उद्देश्य और एजेंडा जनता के सामने स्पष्ट है। देश की जनता ने लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसा जताया है और उनकी सरकार 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए आगे भी आवश्यक कदम उठाती रहेगी।

--आईएएनएस

डीकेएम/पीएम

Share this story