Samachar Nama
×

यूपी में कौशल प्रशिक्षण से 17 लाख युवा बने हुनरमंद, सात लाख से अधिक को मिला रोजगार : योगी

यूपी में कौशल प्रशिक्षण से 17 लाख युवा बने हुनरमंद, सात लाख से अधिक को मिला रोजगार : योगी
यूपी में कौशल प्रशिक्षण से 17 लाख युवा बने हुनरमंद, सात लाख से अधिक को मिला रोजगार : योगी

लखनऊ, 21 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में कौशल विकास के जरिए युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तहत अब तक 17 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षित किया गया है, जिनमें सात लाख से अधिक को कैंपस चयन और प्लेसमेंट के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने में सफलता मिली है।

वहीं, ग्रामीण कौशल योजना के तहत 2.65 लाख से अधिक युवक-युवतियों को निशुल्क आवासीय प्रशिक्षण दिया गया, जिनमें 1.23 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ा गया। मुख्यमंत्री शनिवार को गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पंचम राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में उन्होंने कहा कि भारत के पास दुनिया की सबसे बड़ी युवा कार्यशक्ति है। इस सामर्थ्य को सही दिशा और अवसर उपलब्ध कराना देश के विकास के लिए जरूरी है।

प्रधानमंत्री ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का जो संकल्प देश के सामने रखा है, उसे पूरा करने में कौशल से संपन्न युवा सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर विज्ञान भवन से स्किल इंडिया महाअभियान की शुरुआत की थी। इस पहल का उद्देश्य देश की विशाल युवा आबादी की प्रतिभा को पहचान दिलाना और उन्हें रोजगार के अनुरूप दक्ष बनाना था। इससे युवाओं को अपनी क्षमता साबित करने के लिए एक राष्ट्रीय मंच मिला।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की इस दूरदर्शी पहल ने युवाओं में नई उम्मीद और आत्मविश्वास पैदा किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में कौशल विकास अभियान को नई गति मिली। प्रदेश सरकार ने युवाओं की क्षमता को अवसरों में बदलने के लिए प्रशिक्षण और रोजगार के बीच सीधा संबंध स्थापित करने पर जोर दिया। उत्तर प्रदेश जैसे युवा आबादी वाले राज्य में कौशल विकास का महत्व और भी बढ़ जाता है।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति में पारंपरिक शिक्षा के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण और कौशल विकास को भी प्रमुखता दी गई है। इसी दिशा में माध्यमिक शिक्षा विभाग के प्रोजेक्ट प्रवीण के तहत प्रदेश के 1,700 से अधिक विद्यालयों में 2.50 लाख से ज्यादा विद्यार्थियों को कौशल आधारित प्रशिक्षण का लाभ मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योगों की बदलती जरूरतों के अनुरूप युवाओं को तैयार करना समय की मांग है। इसी उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने टाटा टेक्नोलॉजी के सहयोग से 150 से अधिक औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में आधुनिक तकनीक से जुड़े पाठ्यक्रम शुरू किए हैं। इनमें ड्रोन टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, इंटरनेट ऑफ थिंग्स और 3डी प्रिंटिंग जैसे उभरते क्षेत्रों को शामिल किया गया है। इससे युवाओं को भविष्य के रोजगार और उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप दक्षता हासिल करने का अवसर मिलेगा।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को विकसित भारत के निर्माण का आधार बनाया है। स्किल इंडिया अभियान से प्रशिक्षित युवा न केवल अपने लिए रोजगार के अवसर तैयार करेंगे, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था और औद्योगिक विकास को भी मजबूती देंगे।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को लखनऊ पहुंचे थे। अमौसी एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। इसके बाद प्रधानमंत्री गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी, दोनों उप मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार के कई मंत्री मौजूद रहे।

इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों के 52 उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित किया।

--आईएएनएस

विकेटी/एमएस

Share this story