यूपी विधानसभा चुनाव में गठबंधन पर फैसला समय आने पर लेगी लोजपा : चिराग पासवान (आईएएनएस एक्सक्लूसिव)
लखनऊ, 5 जुलाई (आईएएनएस)। लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने रविवार को समसमायिक मुद्दों पर आईएएनएस से खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कई सवालों का बेबाकी से जवाब दिया और आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी के लड़ने का संकेत दिया। उन्होंने साफ किया कि पार्टी मजबूती के साथ तैयारी कर रही है और पासी समाज के लोगों की आवाज बनेगी।
सवाल - लखनऊ में पार्टी ने बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया है, ऐसे में क्या उत्तर प्रदेश में भी लोजपा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है?
जवाब - चुनावी दृष्टि से संगठन के ऊपर पिछले कई महीनों से कार्य चल रहा है, पर आज की तारीख मेरे लिए अहम इसलिए है क्योंकि आज मेरे नेता और पिता रामविलास पासवान की जयंती है। उत्तर प्रदेश और यहां के लोग हमेशा उनके दिल के करीब रहे हैं। पार्टी का विस्तार उत्तर प्रदेश में भी हो, इस सोच के साथ आगे बढ़ने का हमारा प्रयास है। झारखंड में पार्टी का विस्तार हुआ, नागालैंड में हमारे विधायक हैं, कई राज्यों में हमारे जनप्रतिनिधि हैं और यूपी में भी पार्टी का विस्तार कर रहे हैं।
सवाल - राम मंदिर के चढ़ावे में हुई चोरी को कैसे देखते हैं?
जवाब - यह अत्यंत दुखद और चिंताजनक है। रामभक्तों की आस्था को कहीं न कहीं ठेस पहुंचती है, जब ऐसे विवाद सामने आते हैं। जिन लोगों ने भी रामभक्तों की आस्था को ठेस पहुंचाने का काम किया है, उत्तर प्रदेश और केंद्र की हमारी सरकार इस बात को सुनिश्चित करने का काम करेगी कि कोई भ्रष्टाचारी बख्शा नहीं जाए। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले ताकि भविष्य में कोई भी ऐसी घटना को अंजाम देने की न सोचे।
सवाल - राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में विपक्षी 'इंडिया' ब्लॉक द्वारा लगातार एनडीए सरकार पर सवाल उठाए जा रहे हैं, खासतौर पर अखिलेश यादव सरकार को घेर रहे हैं। इसे आप कैसे देखते हैं?
जवाब - जो लोग सवाल उठा रहे हैं, वो कहीं न कहीं रामभक्तों की आस्था को ठेस पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। इसमें कम से कम राजनीति नहीं करनी चाहिए। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पीएम मोदी ने जिस तत्परता से प्रभु रामलला का मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा करवाने का काम किया, वह और सरकार कतई इस बात को स्वीकार नहीं करेगी कि रामभक्तों की आस्था के साथ किसी भी तरह का अन्याय हो। जो लोग बार-बार सवाल उठा रहे हैं, वह कहीं न कहीं आस्था को पुन: चोट पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। सरकार इसके लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है कि किसी भी भ्रष्टाचारी और दोषी को कतई नहीं बख्शा जाएगा।
सवाल - यूपी में पासी राजनीति बहुत देखने को मिल रही है, इस पर आप क्या कहेंगे?
जवाब - दशकों तक पासी समाज से आने वाले लोगों को उनकी विरासत, सोच और अस्तित्व को कांग्रेस और सपा जैस दलों ने दबाने का काम किया है। आज की तारीख में मैं मेरे नेता की उस सोच को आगे बढ़ाते हुए समाज के उन वंचित वर्ग की आवाज बनने का प्रयास कर रहे हैं, जिसे दशकों तक दबाया गया। आज भी सपा-कांग्रेस के गुंडे जिस तरह से इन लोगों पर अत्याचार बनने का काम करते हैं। ऐसे में मेरी पार्टी इन लोगों की आवाज बने, यह कोशिश जारी रहेगी।
सवाल- भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने एनडीए की बैठक की है। ऐसे में क्या चिराग पासवान यहां से चुनाव लड़ सकते हैं?
जवाब - अभी तक उत्तर प्रदेश में लोजपा का कोई आधिकारिक गठबंधन नहीं है। ऐसे में एनडीए गठबंधन का जो स्वरूप उत्तर प्रदेश में मौजूद है, सभी दल अपनी-अपनी तैयारियों में जुटे हुए हैं। मैं स्वयं पिछले कई महीनों से तैयारी में लगा हुआ हूं। आज हमने विधिवत तरीके से इसका आगाज भी कर दिया है। गठबंधन का स्वरूप क्या होगा, चुनाव के नजदीक आते-आते यह भी तय हो जाएगा।
--आईएएनएस
एससीएच/पीएम

