Samachar Nama
×

यूपी में बारिश से नुकसान पर सीएम योगी ने लिया संज्ञान, 24 घंटे में मुआवजे के निर्देश

यूपी में बारिश से नुकसान पर सीएम योगी ने लिया संज्ञान, 24 घंटे में मुआवजे के निर्देश
यूपी में बारिश से नुकसान पर सीएम योगी ने लिया संज्ञान, 24 घंटे में मुआवजे के निर्देश

लखनऊ, 26 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और अतिवृष्टि से उत्पन्न स्थिति का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे फील्ड में उतरकर प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लें और जरूरतमंद परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराएं।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों में लोगों को किसी तरह की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी ने अति वर्षा और आकाशीय बिजली से हुई जनहानि, पशुहानि और आर्थिक क्षति का तत्काल आकलन कराने को कहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नुकसान का आंकलन कर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार 24 घंटे के भीतर मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। साथ ही अधिकारियों को प्रभावित परिवारों से लगातार संवाद बनाए रखने और राहत-सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि बारिश के कारण जलभराव वाले क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए। प्रशासन को स्थानीय परिस्थितियों पर लगातार नजर रखने और आवश्यकता के अनुसार राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भी सावधानी बरतने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि आकाशीय बिजली के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। अतिवृष्टि के समय नदियों और जलाशयों में स्नान करने से बचें व विशेष सावधानी बरतें। उन्होंने लोगों से प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

इसके साथ ही, नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती महाराजगंज और कुशीनगर जिलों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेपाल में भीषण बाढ़ से हुई क्षति को अत्यंत चिंताजनक बताते हुए महाराजगंज और कुशीनगर में स्थानीय प्रशासन को सभी जरूरी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। नेपाल में बाढ़ के प्रभाव से महाराजगंज और कुशीनगर में गंडक एवं नारायणी नदियों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है।

इसे लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने स्थानीय प्रशासन को नदियों के जलस्तर पर नजर रखते हुए पूरी सतर्कता बरतने को कहा है। उन्होंने कहा कि नेपाल में आई बाढ़ से हुई क्षति अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने भगवान पशुपतिनाथ से सभी के सकुशल रहने की प्रार्थना की है।

--आईएएनएस

विकेटी/एएमटी

Share this story

Tags