यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 16 आईएएस अधिकारियों के तबादले
लखनऊ, 16 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार को प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए 16 आईएएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। इस फेरबदल में कानपुर और वाराणसी के मंडलायुक्तों की अदला-बदली की गई है, जबकि छह जिलों में नए जिलाधिकारी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा औद्योगिक विकास, उद्योग, नगर विकास, मुख्यमंत्री कार्यालय और आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में भी अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।
शासन की ओर से जारी तबादला सूची में ग्रेटर नोएडा से लेकर पूर्वांचल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक प्रशासनिक स्तर पर नई तैनातियां की गई हैं। शासनादेश के अनुसार, कानपुर के मंडलायुक्त के. विजयेन्द्र पांडियन को वाराणसी का मंडलायुक्त बनाया गया है, जबकि वाराणसी के मंडलायुक्त एस. राजलिंगम को कानपुर मंडल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों अधिकारियों की तैनाती में यह अदला-बदली प्रशासनिक फेरबदल का प्रमुख हिस्सा है।
वहीं, ग्रेटर नोएडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी रविकुमार एनजी को उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें आयुक्त एवं निदेशक, उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। डॉ. बलकार सिंह को ग्रेटर नोएडा का नया मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। उन्हें स्थानिक आयुक्त तथा आयुक्त एवं एनसीआर की जिम्मेदारी भी दी गई है।
तबादला सूची के तहत भदोही, चंदौली, गोंडा, जौनपुर, श्रावस्ती और शामली में नए जिलाधिकारी तैनात किए गए हैं। भदोही के जिलाधिकारी शैलेश कुमार को चंदौली का जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं, अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक (बैंकिंग), सहकारी समितियां अनिल कुमार सिंह को भदोही का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्हें भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया है।
चंदौली के जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग को विशेष सचिव, मुख्यमंत्री बनाया गया है। वहीं, राजस्व परिषद में अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त के पद पर तैनात रमेश रंजन को गोंडा का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। गोंडा की जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन को विशेष सचिव, नगर विकास विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। स्थानांतरणाधीन चल रहे उमेश मिश्रा को जौनपुर का जिलाधिकारी बनाया गया है।
जौनपुर के जिलाधिकारी सैमुएल पॉल एन को अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक (बैंकिंग), सहकारी समितियां के पद पर तैनात किया गया है। विशेष सचिव, नागरिक सुरक्षा एवं राजनीतिक पेंशन के पद पर तैनात मनोज कुमार राय को श्रावस्ती का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।
वहीं, श्रावस्ती की जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग को विशेष सचिव, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शामली के जिलाधिकारी आलोक यादव को विशेष सचिव, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग बनाया गया है। उनके स्थान पर ग्रेटर नोएडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रवीण वर्मा को शामली का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
प्रशासनिक फेरबदल में सौम्या अग्रवाल को भी महत्वपूर्ण अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उन्हें उत्तर प्रदेश राज्य वस्त्र निगम लिमिटेड, स्टेट स्पिनिंग कंपनी लिमिटेड, स्टेट यार्न कंपनी लिमिटेड और सहकारी कताई मिल्स संघ लिमिटेड के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश टेक्सटाइल एवं अपैरल पार्क औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
--आईएएनएस
विकेटी/डीकेपी

