Samachar Nama
×

यूपी में भाजपा तीसरी बार बनाएगी प्रचंड बहुमत की सरकार: भाजपा प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह

यूपी में भाजपा तीसरी बार बनाएगी प्रचंड बहुमत की सरकार: भाजपा प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह
यूपी में भाजपा तीसरी बार बनाएगी प्रचंड बहुमत की सरकार: भाजपा प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह

लखनऊ, 18 नवंबर (आईएएनएस)। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की गोरखपुर को लेकर की गई टिप्पणी पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के शासनकाल में उत्तर प्रदेश में बिजली, सड़क, पानी और कानून व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं थी, जबकि भाजपा सरकार में प्रदेश के सभी जिलों में समान रूप से विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। इसके साथ ही उन्होंने चौरी-चौरा आंदोलन के शहीदों को लेकर अखिलेश यादव के बयान पर भी सवाल उठाए और उन पर जाति के आधार पर राजनीति करने का आरोप लगाया।

अखिलेश यादव ने गोरखपुर पहुंचने पर कहा था कि उन्हें ऐसा महसूस हुआ, जैसे वह यूरोप आ गए हों और यदि आज ही मतदान हो जाए तो उनकी जीत सुनिश्चित है। इस पर दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव के शासनकाल में न बिजली थी, न बेहतर कानून व्यवस्था, न सड़कें और न ही पानी की पर्याप्त व्यवस्था थी। आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गांव-गांव और हर जनपद में 24 घंटे बिजली उपलब्ध है। सभी गांव मुख्य सड़कों से जुड़ चुके हैं और युवाओं को योग्यता के आधार पर पारदर्शी तरीके से रोजगार मिल रहा है। ऐसे में अखिलेश यादव को हर जनपद यूरोप जैसा दिखाई दे रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव के लिए विकास का मतलब केवल सैफई और वहां होने वाला महोत्सव था।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि आज गोरखपुर में जितना विकास हो रहा है, उतना ही गाजियाबाद में भी हो रहा है। इसी तरह बरेली और बाराबंकी, पीलीभीत और प्रतापगढ़ में भी समान रूप से विकास कार्य किए जा रहे हैं। सभी जिलों में समान विकास होने से अखिलेश यादव को परेशानी हो रही है। गोरखपुर में इंसेफेलाइटिस से बच्चों की मौतों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पहले सैकड़ों मासूमों की जान चली जाती थी, लेकिन तत्कालीन सरकार ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। 2017 में भाजपा सरकार बनने के बाद इंसेफेलाइटिस से बच्चों की मृत्यु नहीं हो रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार 'सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास' के आधार पर काम कर रही है। आज प्रदेश में दंगे नहीं, बल्कि दंगल हो रहे हैं। युवाओं को बिना किसी भेदभाव के योग्यता के आधार पर नौकरियां मिल रही हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी के शासनकाल में कथित तौर पर चलने वाली 'खर्ची और पर्ची' व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि अब वह पूरी तरह बंद हो चुकी है। चुनाव आज हो या दो महीने बाद, भाजपा तीसरी बार प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी।

चौरी-चौरा आंदोलन के शहीदों को लेकर अखिलेश यादव के बयान पर भी भाजपा प्रवक्ता ने प्रतिक्रिया दी। अखिलेश यादव ने कहा था कि आंदोलन में जिन लोगों ने शहादत दी, उन्हें याद किया जाना चाहिए। इस पर दिनेश प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि जो व्यक्ति भगवान को भी जातियों में बांटता है, उसे क्रांतिकारियों में भी जाति दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने लोगों को जाति के खांचों में बांटकर 'बांटो और राजनीति करो' की नीति पर सत्ता चलाई।

दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता जागरूक है और उसने केंद्र में 2014 तथा प्रदेश में 2017 से भाजपा सरकार के कामकाज को देखा है। भाजपा ने जाति, धर्म और संप्रदाय से ऊपर उठकर योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया है। उन्होंने अखिलेश यादव पर जातिगत समीकरणों के सहारे सत्ता में लौटने का सपना देखने का आरोप लगाते हुए कहा कि 2027 में भी उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार प्रचंड बहुमत के साथ बनेगी।

--आईएएनएस

पीएसके

Share this story