यूपी की ड्राफ्ट मतदाता सूची में एक लाख डुप्लीकेट नाम मिलने का सपा का दावा, चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग
लखनऊ, 23 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। समाजवादी पार्टी ने प्रदेश की ड्राफ्ट मतदाता सूची में करीब एक लाख डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम दर्ज होने का दावा करते हुए चुनाव आयोग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
पार्टी का कहना है कि प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों के तहत आने वाले एक लाख 73 हजार 730 मतदान केंद्रों की मतदाता सूची की जांच में बड़े पैमाने पर दोहरी प्रविष्टियां सामने आई हैं। सपा ने इन मतदाताओं का विवरण निर्वाचन आयोग को भेजते हुए सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने की मांग की है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने सोमवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने यह भी मांग की है कि डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान करने वाले राजनीतिक दलों और व्यक्तियों को नकद पुरस्कार देने की मुख्य निर्वाचन अधिकारी की घोषणा के तहत सभी पुरस्कार समाजवादी पार्टी को दिए जाएं।
ज्ञापन में सपा ने दावा किया है कि प्रदेश के एक लाख 73 हजार 730 मतदान केंद्रों पर दर्ज 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 मतदाताओं के नामों की जांच-पड़ताल की गई। इसमें करीब एक लाख ऐसे मतदाता चिह्नित किए गए हैं, जिनका नाम, पिता या पति का नाम, पता और आयु सहित अन्य विवरण एक समान हैं, लेकिन मतदाता पहचान पत्र (ईपिक) नंबर अलग-अलग दर्ज हैं।
पार्टी के मुताबिक, ऐसे मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में कई स्थानों पर दर्ज पाए गए हैं। सपा का कहना है कि 17 नवंबर 2026 को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची (मदर रोल) के सत्यापन के दौरान इन गड़बड़ियों का पता चला। पार्टी ने चिह्नित मतदाताओं के नाम, मतदाता क्रम संख्या, मतदान केंद्र संख्या और विधानसभा क्षेत्र के साथ जनपदवार विस्तृत विवरण ईमेल के माध्यम से मुख्य निर्वाचन आयुक्त, भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश को भेज दिया है।
ज्ञापन में 11 नवंबर को मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से की गई उस घोषणा का भी हवाला दिया गया है, जिसमें डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान करने वाले राजनीतिक दल या व्यक्ति को नकद पुरस्कार देने की बात कही गई थी। सपा ने दावा किया कि उसने सबसे पहले करीब एक लाख ऐसे मतदाताओं की सूची तैयार कर आयोग को सौंपी है। लिहाजा, घोषित सभी नकद पुरस्कार पार्टी को दिए जाने चाहिए। पार्टी ने मतदाता सूची में इतनी बड़ी संख्या में कथित दोहरी प्रविष्टियां मिलने को गंभीर मामला बताते हुए कहा कि इससे भारत निर्वाचन आयोग की विश्वसनीयता और निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सपा ने मांग की है कि विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को पारदर्शी, निष्पक्ष, निर्भीक और स्वतंत्र तरीके से संपन्न कराने के लिए युद्धस्तर पर अभियान चलाकर मतदाता सूची की खामियों को दूर किया जाए। सपा ने अपने ज्ञापन में कथित डुप्लीकेट मतदाताओं के कई उदाहरण भी दिए हैं। पार्टी के अनुसार, गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र के एक मतदान केंद्र पर अर्चना गुप्ता का नाम छह बार दर्ज मिला है। इसी तरह गोरखपुर के एक अन्य मतदान केंद्र पर रीना देवी का नाम चार बार दर्ज होने का दावा किया गया है।
लखनऊ की सरोजनी नगर विधानसभा सीट के एक मतदान केंद्र पर शिवांशु पटेल का नाम पांच बार और शिवानी यादव का नाम तीन बार दर्ज होने की बात कही गई है। लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र में अर्जुन वाल्मीकि, मोहम्मद सरताज और नसरा बानो के नाम तीन-तीन बार दर्ज होने का दावा किया गया है। लखनऊ पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में शबीना, खुशनुमा बानो और मोहम्मद मारूफ के नाम भी तीन-तीन बार दर्ज बताए गए हैं।
इसी तरह प्रयागराज की शहर पश्चिमी विधानसभा सीट के एक मतदान केंद्र पर दानिश हसन और दूसरे केंद्र पर अरविंद कुमार का नाम तीन-तीन बार दर्ज होने का दावा किया गया है। शहर दक्षिणी में सुषमा देवी और मोहम्मद हमजा के नाम तीन-तीन बार, जबकि सोरांव विधानसभा क्षेत्र में अनीता वर्मा का नाम पांच बार और आशीष यादव का नाम तीन बार दर्ज होने की बात ज्ञापन में कही गई है। इसके अलावा वाराणसी कैंट, आगरा कैंट और अलीगढ़ विधानसभा क्षेत्रों के भी उदाहरण दिए गए हैं।
सपा के मुताबिक, वाराणसी कैंट में फरहत आफरीन और तौसीन फातमा के नाम दो-दो बार, आगरा कैंट में काजल कुमारी का नाम दो बार और शंकर लाल का नाम तीन बार दर्ज मिला है।
वहीं, अलीगढ़ विधानसभा क्षेत्र में फैजान का नाम तीन बार और ललिता का नाम दो बार दर्ज होने का दावा किया गया है। पार्टी का कहना है कि इन सभी मामलों में संबंधित मतदाताओं के अन्य विवरण समान होने के बावजूद अलग-अलग ईपिक नंबर दर्ज हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपने वाले सपा प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश सचिव केके श्रीवास्तव, राज्य कार्यसमिति सदस्य डॉ. हरिश्चंद्र सिंह और राधेश्याम सिंह शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने निर्वाचन अधिकारी से मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।
--आईएएनएस
विकेटी/एमएस

