यूपी की 403 विधानसभा सीटों पर महिला विस्तारक उतारेगी भाजपा, घर-घर पहुंचाने की तैयारी
लखनऊ, 20 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने महिला मोर्चा के जरिए महिला मतदाताओं तक अपनी पहुंच बढ़ाने की रणनीति पर काम तेज कर दिया है। इसके तहत प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर महिला विस्तारकों को प्रवास कर घर-घर संपर्क और जनसंवाद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में आठ राज्यों से पहुंचीं 403 महिला विस्तारक बहनों को संगठन की रणनीति और चुनावी तैयारियों को लेकर मार्गदर्शन दिया गया। विश्वैश्वरैया प्रेक्षागृह में आयोजित भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश प्रवासी बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, प्रदेश सह प्रभारी एवं राज्यसभा सदस्य मेधा कुलकर्णी, महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने महिला विस्तारकों के साथ संवाद किया।
बैठक में गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली, बिहार, झारखंड, राजस्थान और महाराष्ट्र से आईं महिला विस्तारकों ने हिस्सा लिया। कार्यशाला में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार की महिला सशक्तीकरण से जुड़ी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने, महिलाओं को संगठन से जोड़ने और बूथ स्तर पर संपर्क अभियान मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा हुई।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े ने कहा कि महिला विस्तारकों को प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास कर व्यापक जनसंपर्क अभियान को गति देनी है। उन्हें घर-घर पहुंचकर आमजन और मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करना होगा। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने के साथ महिलाओं को संगठन से जोड़ने का काम भी करना है, ताकि बूथ स्तर पर पार्टी की पहुंच और मजबूत हो सके।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव केवल राजनीतिक तैयारी नहीं, बल्कि संगठन की सामूहिक शक्ति, जनविश्वास और जनसंपर्क का व्यापक अभियान है। इसमें महिला शक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा में बहनें केवल महिला कार्यकर्ता नहीं, बल्कि पार्टी की स्टार प्रचारक हैं। उन्हें मातृशक्ति से संवाद कर भाजपा की विचारधारा और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं से जोड़ने का काम करना है।
वहीं, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश भयमुक्त है और मां, बहन-बेटियां सुरक्षित हैं। महिला विस्तारकों को इसी संदेश के साथ महिलाओं के बीच पहुंचना है। प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि महिला विस्तारक अपने अनुभव और संगठनात्मक कौशल के साथ प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के विचारों और सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच पहुंचें।
प्रदेश सह प्रभारी मेधा कुलकर्णी ने कहा कि महिला मोर्चा की कार्यकर्ता संगठन की मजबूत कड़ी बनकर काम करेंगी। प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के संकल्प के साथ मातृशक्ति पूरी ताकत से मैदान में उतरेगी।
महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने भी संगठन की एकजुटता और महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी को आगामी चुनाव की तैयारियों के लिए महत्वपूर्ण बताया।
बैठक की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त करने के साथ हुई। उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी और मुख्यमंत्री तथा उनके परिवार को इस दुख की घड़ी में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
--आईएएनएस
विकेटी/एमएस

