यूपी के कुशीनगर में वैन और ट्रक में भीषण टक्कर, एक परिवार के 5 सदस्यों समेत छह की मौत
कुशीनगर, 2 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में रविवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। हाटा कोतवाली क्षेत्र के थारुडीह गांव के पास एक वैन के ट्रेलर से टकरा जाने से छह लोगों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। मृतकों में से पांच लोग एक ही परिवार के थे, जो एक कार्यक्रम से लौट रहे थे।
अधिकारियों के अनुसार, सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को पास के अस्पताल पहुंचाया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। यह परिवार किसी रिश्तेदार के घर एक कार्यक्रम से लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने बताया, "रविवार रात को आठ लोग एक ओमनी वैन में सवार होकर तिलक समारोह में शामिल होने के बाद हाटा से कप्तानगंज स्थित अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान हाटा इलाके में वैन अहीराउली की तरफ से हाटा आ रहे एक ट्रक से टकरा गई। वैन में सवार आठ लोगों में से छह की इस हादसे में मौत हो गई, जबकि दो घायलों को पुलिस ने तुरंत इलाज के लिए गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।"
उन्होंने कहा, "मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। परिवारों को इस घटना की सूचना दे दी गई है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। आगे की जांच चल रही है।"
मृतकों के एक रिश्तेदार ने आईएएनएस को बताया, "6 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 2 घायलों को इलाज के लिए गोरखपुर भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद हमें शव सौंप दिए जाएंगे।"
इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से भलुही गांव में मातम पसरा हुआ है।
--आईएएनएस
ओपी/एएस

