Samachar Nama
×

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कसी कमर, यातायात से लेकर सुरक्षा तक की समीक्षा

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कसी कमर, यातायात से लेकर सुरक्षा तक की समीक्षा
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कसी कमर, यातायात से लेकर सुरक्षा तक की समीक्षा

ग्रेटर नोएडा, 24 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की औद्योगिक और व्यापारिक क्षमताओं को देश-दुनिया के सामने प्रदर्शित करने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 को लेकर गौतमबुद्धनगर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

आगामी 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर में आयोजित होने वाले इस बड़े आयोजन को लेकर सोमवार को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया और आयोजन से जुड़ी तैयारियों की विभागवार प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में सांस्कृतिक समिति, प्रचार-प्रसार एवं ब्रांडिंग समिति, आवास व्यवस्था समिति, यातायात समिति तथा परिवहन समिति द्वारा की जा रही तैयारियों पर विशेष रूप से चर्चा हुई।

अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने सभी अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश की औद्योगिक, व्यापारिक, हस्तशिल्प, लघु एवं मध्यम उद्यम समेत विभिन्न क्षेत्रों की उपलब्धियों और क्षमताओं को राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच है।

आयोजन में देश-विदेश से बड़ी संख्या में निवेशकों, उद्यमियों, प्रदर्शकों, प्रतिनिधियों और आगंतुकों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में आयोजन से जुड़े सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है। ट्रेड शो के दौरान ग्रेटर नोएडा में वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश दिए गए।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि वाहनों के सुचारु आवागमन के साथ-साथ पार्किंग, प्रवेश और निकास मार्ग तथा वैकल्पिक रास्तों की समुचित व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए। यातायात पुलिस, परिवहन विभाग, विकास प्राधिकरण और अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय से विस्तृत यातायात प्रबंधन योजना तैयार करें, ताकि आयोजन के दौरान जाम जैसी स्थिति से बचा जा सके। बाहर से आने वाले अतिथियों, प्रतिनिधियों और प्रतिभागियों के ठहरने की व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन ने गंभीरता दिखाई।

आवास व्यवस्था समिति को निर्देश दिया गया कि होटल और अन्य संबंधित संस्थानों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। वहीं सांस्कृतिक समिति को ट्रेड शो के दौरान होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा और अन्य तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा गया। प्रचार-प्रसार एवं ब्रांडिंग समिति को आयोजन के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ आवश्यक प्रचार सामग्री, संकेतक, सूचना पट्ट और आयोजन स्थल पर ब्रांडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

आयोजन के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विद्युत विभाग और एनपीसीएल के अधिकारियों को निर्देश दिए गए। किसी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था तैयार रखने को भी कहा गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी को आयोजन स्थल पर अग्नि सुरक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का परीक्षण करने, पर्याप्त अग्निशमन उपकरण उपलब्ध रखने और आपातकालीन निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसी तरह मुख्य चिकित्साधिकारी को आयोजन स्थल पर आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं, चिकित्सकीय दल और आकस्मिक चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग को आयोजन स्थल पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता की नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने दूरसंचार कंपनियों के अधिकारियों से भी आयोजन स्थल तथा आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा, ताकि देश-विदेश से आने वाले लोगों को संचार संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े।

अपर जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने दायित्वों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करें और आयोजन से पहले व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण भी करें। किसी भी स्तर पर समस्या सामने आने पर संबंधित विभागों के साथ तत्काल समन्वय कर उसका समाधान कराया जाए।

उन्होंने कहा कि ट्रेड शो के दौरान सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, विद्युत, अग्निशमन, चिकित्सा, पेयजल, खाद्य सुरक्षा, दूरसंचार और पार्किंग जैसी सभी मूलभूत व्यवस्थाएं पूरी तरह सुचारु रहनी चाहिए। सभी अधिकारी पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने में योगदान दें।

बैठक में यमुना विकास प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र भाटिया, ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण की ओएसडी गुंजा सिंह, डीसीपी आर.के. गौतम, सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद मिश्रा, इंडिया एक्सपो मार्ट के सीईओ सुदीप सरकार समेत जिला प्रशासन, विकास प्राधिकरण और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएसएच

Share this story

Tags