हमारी नेता सोनिया गांधी ने महिलाओं के सम्मान को बढ़ावा दिया : अजय राय
लखनऊ, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। महिला आरक्षण बिल को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इसी बीच, उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रमुख अजय राय ने महिला आरक्षण बिल का क्रेडिट अपनी पार्टी को दे दिया। उन्होंने यहां तक कहा कि मौजूदा सरकार महिलाओं के हितों के बारे में नहीं सोचती है। जबकि, कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं और उनके अधिकारों को बढ़ावा दिया है।
महिला आरक्षण बिल का जिक्र करते हुए यूपी कांग्रेस चीफ ने कहा कि भाजपा इसके माध्यम से केवल झूठ फैला रही है, जबकि महिलाओं का असली सम्मान कांग्रेस पार्टी ही करती है।
लखनऊ में आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री महिलाओं के अधिकारों और सम्मान की बात नहीं कर सकते हैं। जबकि, कांग्रेस पार्टी ने हमेशा महिलाओं का सम्मान किया है। हमारी नेता सोनिया गांधी ने महिलाओं के सम्मान को बढ़ावा दिया। देश की पहली महिला लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार, पहली महिला राष्ट्रपति प्रतिभा देवी पाटिल और सोनिया गांधी जैसी महिलाएं कांग्रेस की देन हैं।
अजय राय ने भाजपा पर सहयोगी दलों को खत्म करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जहां-जहां भाजपा की सरकार बनी, उसने अपने सहयोगी दलों को तबाह कर दिया। महाराष्ट्र में शिवसेना को तोड़ा, एकनाथ शिंदे को पहले सीएम बनाया फिर उपमुख्यमंत्री बनाकर पूरी पार्टी पर कब्जा कर लिया। बिहार में नीतीश कुमार की जदयू को कमजोर कर उन्हें दिल्ली भेज दिया और सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बना दिया। ओडिशा में नवीन पटनायक का समर्थन किया और अंत में उन्हें राजनीति से अलग-थलग कर दिया। भाजपा जहां भी जाती है, अपने सहयोगियों को बर्बाद कर देती है।
उन्होंने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा पर पवन खेड़ा के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि चुनाव आयोग भाजपा के दबाव में काम कर रहा है, इसलिए हिमंता बिस्वा सरमा के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। पवन खेड़ा के साथ एक-एक कार्यकर्ता खड़ा है।
यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक पर साजिश करने के आरोप पर अजय राय ने कहा कि शंकराचार्य का जिस तरह से अपमान किया गया, वह बहुत दुखद है। यह साजिश भाजपा के अंदर ही रची जा रही है। यूपी सरकार में आपस में लड़ाई चल रही है। यह सीएम योगी और केंद्र के बीच चल रही खींचतान का नतीजा है। ब्रजेश पाठक और केशव मौर्य केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ हैं, जिसके कारण भाजपा के अंदर तनाव और विवाद बढ़ गया है।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम

