Samachar Nama
×

यूनियन बैंक ऑफ इंडिया भर्ती अलर्ट: मैनेजर सहित 395 पदों के लिए तुरंत करें आवेदन, अंतिम तिथि 15 अगस्त

यूनियन बैंक ऑफ इंडिया भर्ती अलर्ट: मैनेजर सहित 395 पदों के लिए तुरंत करें आवेदन, अंतिम तिथि 15 अगस्त
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया भर्ती अलर्ट: मैनेजर सहित 395 पदों के लिए तुरंत करें आवेदन, अंतिम तिथि 15 अगस्त

मुंबई, 14 अगस्त (आईएएनएस)। बैंकिंग सेक्टर में नौकरी तलाश रहे युवाओं के हाथ से एक सुनहरा मौका निकलने वाला है। दरअसल, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने खास क्षेत्र में विशेषज्ञता वाले अधिकारी, जनरल बैंकिंग अधिकारी और स्पेशलिस्ट अधिकारी के खाली कुल 395 पदों पर नियमित आधार पर भर्ती के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए थे।

यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की ओर से कैडर के आधार पर जारी 395 रिक्तियों में मैनेजर के 163, सीनियर मैनेजर के 153, चीफ मैनेजर के 52, असिस्टेंट जनरल मैनेजर के 20 और डिप्टी जनरल मैनेजर के 7 पद शामिल हैं।

इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 21 जुलाई से शुरू हो गई और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 10 अगस्त तय की गई थी, जिसे आगे बढ़ाकर 15 अगस्त कर दिया गया। ऐसे में एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक जिन उम्मीदवारों ने अपनी तक इन पोस्ट के लिए आवेदन नहीं किया है, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे तुरंत बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर लें, नहीं तो आपके हाथ से एक शानदार मौका निकल जाएगा।

आवेदकों की न्यूनतम आयु पद के अनुसार 22 से 25 वर्ष और अधिकतम आयु 30 से 50 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना 1 जुलाई के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पोस्ट और क्षेत्र के अनुसार ग्रेजुएशन, बीई/बीटेक या एमसीए, बीकॉम/बीई/बीटेक/बीसीए या सीए/सीएमए (आईसीएमएआई)/सीएस, आदि होनी चाहिए। इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास पोस्ट के अनुसार प्रासंगिक क्षेत्र में निर्धारित 2 से 10 वर्षों का अनुभव और अन्य निर्धारित पात्रता व कौशल का होना भी जरूरी है।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन ऑनलाइन परीक्षा/टेस्ट, समूह चर्चा (जीडी), व्यक्तिगत साक्षात्कार (पीआई), आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी कैडर के अनुसार 64,820 से 1,56,500 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 1,180 रुपए और एससी/एसटी/पीडब्लूएस श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स के लिए 177 रुपए तय किया गया है।

कैंडिडेट्स को पद, योग्यता, चयन प्रक्रिया, आदि से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए यूनियन बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित पोस्ट के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।

--आईएएनएस

डीके/पीएम

Share this story