Samachar Nama
×

यूनियन बैंक में 395 पदों पर निकली भर्ती, जानें योग्यता से लेकर सैलरी तक पूरी डिटेल

यूनियन बैंक में 395 पदों पर निकली भर्ती, जानें योग्यता से लेकर सैलरी तक पूरी डिटेल
यूनियन बैंक में 395 पदों पर निकली भर्ती, जानें योग्यता से लेकर सैलरी तक पूरी डिटेल

मुंबई, 29 जुलाई (आईएएनएस)। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने खास क्षेत्र में विशेषज्ञता वाले अधिकारी, जनरल बैंकिंग अधिकारी और स्पेशलिस्ट अधिकारी के कुल 395 पदों पर नियमित आधार पर भर्ती के लिए उम्मीदवारों से आवेदन एक आधिकारिक अधिसूचना जारी कर आमंत्रित किए हैं।

कैडर के आधार पर बैंक की ओर से जारी 395 रिक्तियों में मैनेजर के 163, सीनियर मैनेजर के 153, चीफ मैनेजर के 52, असिस्टेंट जनरल मैनेजर के 20 और डिप्टी जनरल मैनेजर के 7 पद शामिल हैं।

यूनियन बैंक की ओर से जारी इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 21 जुलाई से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 10 अगस्त तय की गई है। ऐसे में एप्लीकेशन फॉर्म भरने के पात्र और इच्छुक उम्मीदवार बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

आवेदकों की न्यूनतम आयु पद के अनुसार 22 से 25 वर्ष और अधिकतम आयु 30 से 50 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना 1 जुलाई के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

इन रिक्तियों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पोस्ट के अनुसार ग्रेजुएशन, बीई/बीटेक या एमसीए, बीकॉम/बीई/बीटेक/बीसीए या सीए/सीएमए (आईसीएमएआई)/सीएस, आदि होनी चाहिए।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन ऑनलाइन परीक्षा/टेस्ट, समूह चर्चा (जीडी), व्यक्तिगत साक्षात्कार (पीआई), आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी कैडर के अनुसार 64,820 से 1,56,500 रुपए के बीच प्रति माह होगी।

एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 1,180 रुपए और एससी/एसटी/पीडब्लूएस श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स के लिए 177 रुपए तय किया गया है।

कैंडिडेट्स को पद, योग्यता, आयु सीमा, आदि से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए यूनियन बैंक की ओर से संबंधित पोस्ट के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी

Share this story