अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में वैभव सूर्यवंशी की धमाकेदार बल्लेबाजी पर बिहार सरकार मुरीद
पटना, 6 फरवरी (आईएएनएस)। अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में बिहार से आने वाले स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के खिलाफ तूफानी पारी खेली। उन्होंने महज 80 गेंदों में 175 रन बनाए। वैभव सूर्यवंशी की शानदार बल्लेबाजी को देखकर बिहार सरकार के मंत्री उनके मुरीद हो गए हैं।
बिहार सरकार में मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं। यह बहुत गर्व की बात है कि बिहार का एक बच्चा राज्य का नाम रोशन कर रहा है। मैं विश्वास के साथ कह सकती हूं कि बिहार में क्रिकेट को लेकर जो आधारभूत संरचना बन रही है, आने वाले समय में वैभव सूर्यवंशी जैसे कई खिलाड़ी बिहार की मिट्टी से निकलेंगे और देश का मान-सम्मान बढ़ाने का काम करेंगे।
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा कि बिहार की शान, भारत का गौरव वैभव सूर्यवंशी। अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में 175 रनों की शानदार पारी खेलकर आपने न केवल बिहार का नाम रोशन किया, बल्कि पूरे देश को गर्व से सराबोर कर दिया है। आपकी मेहनत, लगन और प्रतिभा ने यह साबित कर दिया कि बिहार के युवा किसी से कम नहीं हैं। आप हमारे लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा हैं। आपको इस शानदार उपलब्धि के लिए ढेरों बधाई एवं शुभकामनाएं। आगे भी ऐसे ही देश और प्रदेश का मान बढ़ाते रहें।
डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने एक्स पोस्ट में लिखा कि बिहार का लाल वैभव सूर्यवंशी अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत-इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे फाइनल मुकाबले में 80 गेंदों में 175 रन की ऐतिहासिक पारी खेलकर न सिर्फ हाईएस्ट स्कोर बनाया, बल्कि एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने और 55 गेंदों में सेकंड फास्टेस्ट सेंचुरी का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। बिहार से निकलकर पूरी दुनिया में अपना नाम चमका रहा है। यह प्रदर्शन बिहार के युवाओं के लिए प्रेरणा है और यह संदेश भी कि प्रतिभा और मेहनत से बिहार का बेटा दुनिया में पहचान बना सकता है। वैभव आगे भी इसी तरह क्रिकेट के लिए नए कीर्तिमान रचें और बिहार एवं देश का गौरव बढ़ाते रहें।
मंत्री दिलीप जायसवाल ने एक्स पोस्ट में लिखा कि क्रिकेट जगत का चमकता सितारा वैभव सूर्यवंशी। उन्होंने अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में 175 रनों की शानदार पारी खेलकर न केवल बिहार, बल्कि पूरे देश का मान बढ़ाया है। आपके लगन ने यह सिद्ध कर दिया है कि प्रतिभा किसी उम्र या सीमाओं की मोहताज नहीं होती।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी

