Samachar Nama
×

अंडर-17 रेसलिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप: कुल 13 मेडल के साथ भारतीय अभियान समाप्त, सितेंदर ने वर्ल्ड टाइटल बचाया

अंडर-17 रेसलिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप: कुल 13 मेडल के साथ भारतीय अभियान समाप्त, सितेंदर ने वर्ल्ड टाइटल बचाया
अंडर-17 रेसलिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप: कुल 13 मेडल के साथ भारतीय अभियान समाप्त, सितेंदर ने वर्ल्ड टाइटल बचाया

बाकू, 3 अगस्त (आईएएनएस)। अंडर-17 वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 में भारत की फ्रीस्टाइल रेसलिंग टीम का सफर शानदार रहा है। आखिरी दिन तीन और मेडल जीतने के साथ महिला और पुरुष फ्रीस्टाइल रेसलिंग में भारत के कुल मेडल की संख्या 13 हो गई।

अजरबैजान के बाकू में आयोजित प्रतियोगिता में 17 वर्षीय सितेंदर मलिक ने चैंपियनशिप के एक कड़े मुकाबले में रूस के सर्गेई कर्मरियन का सामना किया। युवा भारतीय रेसलर ने शांत और सटीक रेसलिंग का बेहतरीन नमूना पेश करते हुए 3-1 से जीत हासिल की और गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इसी के साथ सितेंदर ने साल 2025 के अपने अंडर-17 वर्ल्ड टाइटल का सफलतापूर्वक बचाव किया।

इतिहास के सुनहरे पन्नों में अपना नाम दर्ज कराते हुए सितेंदर दो अंडर-17/कैडेट वर्ल्ड टाइटल जीतने वाले भारत के दूसरे पुरुष फ्रीस्टाइल रेसलर बन गए हैं। इससे पहले, दो बार के ओलंपिक मेडलिस्ट सुशील कुमार ने अपने शुरुआती करियर में यह कारनामा किया था, जिन्होंने साल 1998 और 1999 में कैडेट वर्ल्ड टाइटल अपने नाम किए थे।

45 किलोग्राम कैटेगरी में, हनुमंत राजेंद्र जाधव ने ब्रॉन्ज मेडल के प्ले-ऑफ मुकाबले में शानदार फुर्ती और तकनीक का प्रदर्शन करते हुए ईरान के महदी दावूद डमरचेली के खिलाफ 7-1 से बड़ी जीत हासिल की।

आखिरी दिन सक्षम ने भारत को उसका तीसरा मेडल दिलाया, जिन्होंने ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में ईरान के मोहम्मद रजा बेहरांग इसाजादेह के खिलाफ अहम पलों में मजबूत डिफेंस और संयम दिखाते हुए 3-2 से जीत (वीपीओ1) हासिल की।

पुरुष फ्रीस्टाइल कैटेगरी के समापन के साथ ही आधिकारिक तौर अंडर-17 वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 की भी समाप्ति हुई।

अंडर-17 वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 में मेडल जीतने वाले भारतीय:

पुरुषों की फ्रीस्टाइल (एफएस)

गोल्ड: सितेंदर (60 किग्रा)

सिल्वर: आर्यन (48 किग्रा)

ब्रॉन्ज: हनुमंत राजेंद्र जाधव (45 किग्रा)

ब्रॉन्ज: प्रथमेश सूर्यकांत पाटिल (55 किग्रा)

ब्रॉन्ज: सक्षम एफएनयू (92 किग्रा)

ब्रॉन्ज: अरुष राणा (110 किग्रा)

महिला कुश्ती (डब्ल्यूडब्ल्यू)

सिल्वर: संध्या विश्नोई (46 किग्रा)

सिल्वर: अक्षरा (53 किग्रा)

सिल्वर: निकिता सहरावत (57 किग्रा)

ब्रॉन्ज: कामना बबल (49 किग्रा)

ब्रॉन्ज: अवांशिका (61 किग्रा)

ब्रॉन्ज: तान्या (69 किग्रा)

ब्रॉन्ज: गरिमा (73 किग्रा)

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags