यूक्रेन-नॉर्वे-कनाडा की अहम बातचीत, युद्ध में बिछड़े यूक्रेनी नागरिकों की घर वापसी पर फोकस
नई दिल्ली, 23 अगस्त (आईएएनएस)। यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्रेई सिबिहा ने कनाडा में होने वाले अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की तैयारियों को लेकर नॉर्वे और कनाडा के विदेश मंत्रियों के साथ त्रिपक्षीय बातचीत की। बैठक में यूक्रेनी बच्चों, हिरासत में लिए गए नागरिकों और युद्धबंदियों की वापसी के साथ उनकी पुनर्वास प्रक्रिया पर चर्चा हुई।
यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्रेई सिबिहा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पोस्ट में लिखा, ''हमारा मुख्य ध्यान कनाडा में होने वाले 'यूक्रेनी बच्चों, हिरासत में लिए गए आम नागरिकों और युद्धबंदियों' की वापसी पर होने वाले इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस की तैयारियों पर था। हमने इस बात पर चर्चा की कि इस सम्मेलन को अधिक से अधिक व्यावहारिक और परिणाम देने वाला कैसे बनाया जाए। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर तालमेल कैसे बढ़ाया जाए और इस प्रयास में अधिक देशों और संगठनों को कैसे शामिल किया जाए।''
सिबिहा कहा कि अपने लोगों को घर वापस लाना पहला और सबसे महत्वपूर्ण कदम है। लेकिन हमारी जिम्मेदारी यहीं खत्म नहीं हो जाती। जो लोग कैद, गैरकानूनी हिरासत या जबरन भेजे जाने के बाद लौटते हैं, उन्हें फिर से सामान्य जीवन में लौटने, अपने परिवारों से मिलने और अपनी जिंदगी दोबारा बनाने के लिए मदद की जरूरत होती है। इसके अलावा, इन अपराधों के लिए जिम्मेदार लोगों पर लक्षित प्रतिबंध लगाए जाने चाहिए और उन्हें अपने कार्यों के लिए जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि मैंने इस अवसर का उपयोग अपने सहयोगियों के सामने दो अन्य जरूरी मुद्दे उठाने के लिए भी किया। मैंने उन्हें कीव पर रूस के हालिया बैलिस्टिक मिसाइल हमले के प्रभावों के बारे में जानकारी दी और यूक्रेन की हवाई सुरक्षा को मजबूत करने की तत्काल जरूरत पर जोर दिया, खासकर बैलिस्टिक मिसाइलों से बचाव के लिए।
सिबिहा बताया कि हमने 'ब्लैक सी' में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति पर भी चर्चा की। यूक्रेन के बंदरगाहों और नागरिक जहाजों पर रूस के लगातार हमले समुद्री आवाजाही की स्वतंत्रता, यूक्रेन की अर्थव्यवस्था और हमारे क्षेत्र से कहीं आगे तक वैश्विक खाद्य सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर रहे हैं। नागरिक जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने और काला सागर को खुला व सुरक्षित बनाए रखने के लिए मजबूत और समन्वित अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि मैं एस्पेन और अनीता का उनके नेतृत्व, करीबी सहयोग और हमारे साझा प्रयासों को ठोस नतीजों में बदलने के दृढ़ संकल्प के लिए आभारी हूं।
--आईएएनएस
एवाई/एएस

