यूक्रेन की आजादी की वर्षगांठ पर राष्ट्रपति मुर्मु ने भेजा बधाई संदेश, जेलेंस्की ने जताया आभार
नई दिल्ली, 26 अगस्त (आईएएनएस)। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने यूक्रेन की आजादी की 35वीं वर्षगांठ पर बधाई संदेश भेजने के लिए भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का आभार जताया। उन्होंने कहा कि भारत के साथ आपसी सहयोग को और मजबूत करने के लिए यूक्रेन प्रतिबद्ध है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा,''मुझे खुशी हुई कि भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने यूक्रेन के लोगों के लिए शुभकामनाएं भेजीं। शांति की कामना के लिए उनका धन्यवाद। यूक्रेन की आजादी की बहाली की 35वीं वर्षगांठ के मौके पर लाखों यूक्रेनियों का सबसे बड़ा सपना है कि रूस का युद्ध सम्मानजनक तरीके से खत्म हो। यह जरूरी है कि पूरी दुनिया मिलकर इस दिशा में आगे बढ़ने का रास्ता तैयार करने में मदद करे।''
जेलेंसकी ने कहा कि मैं एक बार फिर दोहराता हूं कि यूक्रेन भारत के साथ आपसी हित वाले संवाद और सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पोस्ट में यूक्रेन की आजादी की 35वीं वर्षगांठ पर होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी साझा की।
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने बताया कि यूक्रेन की आजादी की बहाली की 35वीं वर्षगांठ के मौके पर मैंने हमारे सैनिकों और आम नागरिकों को राज्य सम्मान से सम्मानित किया। जिन लोगों को मरणोपरांत सम्मान दिया गया, उनके परिवारों को मैंने ये पुरस्कार सौंपे। इसके अलावा, सैन्य इकाइयों को युद्ध ध्वज और ‘साहस और वीरता’ के मानद सम्मान के रिबन भी दिए।
उन्होंने बताया कि मरणोपरांत सम्मान पाने वालों में जूनियर लेफ्टिनेंट नाज़ारी ग्रिंटसेविच (ग्रेन्का), 'प्लात्स्डार्म' सर्च ऑर्गेनाइजेशन के प्रमुख ओलेक्सी युकोव और स्कूली छात्र स्टेपान चुबेन्को शामिल थे, जिनकी रूसी लड़ाकों ने हत्या कर दी थी।
जेलेंस्की कहा कि मैंने शूटिंग चैंपियन ओलेना कोस्तेविच, बिशप विटाली क्रिवित्स्की, 'सुपरह्यूमन्स' की सीईओ ओल्गा रुडनेवा, कलाकार अनातोली क्रिवोलप और गायिका ज्लाटा ओग्नेविच को भी सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि मैं हर उस व्यक्ति का दिल से धन्यवाद करना चाहता हूं, जो अपने स्तर पर यह सुनिश्चित करने में योगदान दे रहा है कि यूक्रेन न सिर्फ अपनी आजादी बनाए रखे, बल्कि उसे लगातार मजबूत भी करे। यूक्रेन के साथ खड़े रहने और अपने देश को आप पर गर्व करने का मौका देने के लिए धन्यवाद।
और मैं आप सभी से अपील करता हूं कि उन लोगों को याद करें जिन्होंने यूक्रेन की रक्षा करते हुए, हमारे नीले-पीले झंडे और हमारी आजादी की रक्षा करते हुए अपनी जान दे दी। उन्होंने अपनी जान इसलिए दी, ताकि यूक्रेन जिंदा रह सके।
--आईएएनएस
एवाई/एएस

