Samachar Nama
×

उधमपुर हादसे में महिला समेत पांच अमरनाथ यात्री घायल, केंद्रीय मंत्री ने दिया हरसंभव मदद का भरोसा

उधमपुर हादसे में महिला समेत पांच अमरनाथ यात्री घायल, केंद्रीय मंत्री ने दिया हरसंभव मदद का भरोसा
उधमपुर हादसे में महिला समेत पांच अमरनाथ यात्री घायल, केंद्रीय मंत्री ने दिया हरसंभव मदद का भरोसा

उधमपुर, 10 जुलाई (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में शुक्रवार सुबह अमरनाथ यात्रा के दौरान एक सड़क हादसा हो गया। जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर तोल्डी नाला इलाके के पास अमरनाथ यात्रा के पहलगाम रूट वाले जत्थे में शामिल एक वाहन अचानक फिसल गया। इस हादसे में एक महिला श्रद्धालु समेत पांच यात्री घायल हो गए। सभी घायल मध्य प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं। महिला श्रद्धालु की हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

हादसे की जानकारी मिलने के बाद केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने चिंता जताई। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, "अभी-अभी उधमपुर के डिप्टी कमिश्नर मिंगा शेरपा से बात हुई। उन्हें मध्य प्रदेश से अमरनाथ यात्रा पर जा रही एक प्राइवेट गाड़ी के जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर टोल्डी नाला के पास सड़क दुर्घटना का शिकार होने की रिपोर्ट मिली थी। इस हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक महिला गंभीर रूप से घायल है और उसे तुरंत गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, जम्मू रेफर कर दिया गया है। हरसंभव मदद दी जा रही है।"

जानकारी के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब अर्टिगा कार शुक्रवार सुबह जम्मू से अमरनाथ यात्रा के लिए निकले वाहनों के काफिले के साथ आगे बढ़ रही थी। शुक्रवार सुबह सवा 5 बजे जब यह वाहन तोल्डी नाला क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी चालक का गाड़ी से नियंत्रण हट गया। इसके बाद कार सड़क पर फिसल गई और उसके दो टायर नाली में चले गए।

दुर्घटना के बाद कार में बैठे श्रद्धालुओं ने मदद के लिए आवाज लगाई, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों और अन्य यात्रियों ने राहत कार्य शुरू किया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल महिला श्रद्धालु सीमा गुप्ता को बेहतर इलाज के लिए जीएमसी जम्मू भेजा गया है। वहीं, बाकी चार घायलों का इलाज जीएमसी उधमपुर में चल रहा है।

--आईएएनएस

पीआईएम/पीएम

Share this story

Tags