यूडीएफ की जीत तय, एलडीएफ पहली बार सत्ता से बाहर : शशि थरूर
तिरुवनंतपुरम, 3 मई (आईएएनएस)। कांग्रेस के सांसद शशि थरूर ने केरल विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल्स पर भरोसा जताते हुए कहा कि इस बार यूडीएफ की जीत होने जा रही है।
शशि थरूर ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "मुझे लगता है कि हमारे देश में एग्जिट पोल्स में कई कमियां होती हैं, इसलिए मैं खास तौर पर उन पर निर्भर नहीं रहना चाहता। लेकिन इस बार वे सभी एक-दूसरे से सहमत हैं, जो बहुत कमाल की बात है। मैंने जिन भी विशेषज्ञों, पत्रकारों और राजनीतिक विश्लेषकों से बात की, वे सभी इस बात पर एकमत हैं कि इस बार यूडीएफ की ही जीत होगी।"
कांग्रेस में सरकार गठन की प्रक्रिया पर शशि थरूर ने विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा, "चुनाव नतीजों के बाद पार्टी की एक तय प्रक्रिया है। जीतने वाले विधायकों से पार्टी अध्यक्ष का प्रतिनिधि मिलता है, उनकी राय लेता है और फिर दिल्ली हाई कमान को रिपोर्ट करता है। अंतिम फैसला हाई कमान ही लेता है। हां, मैं इस बात से सहमत हूं कि सोमवार की सबसे अहम खबर यह होगी कि पहली बार एलडीएफ देश में कहीं भी सत्ता में नहीं होगी।"
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर शशि थरूर ने कहा, "उन्हें लगता है ममता बनर्जी जीतेंगी, हालांकि उन्हें पिछली बार जितना बहुमत नहीं मिल सकता है।"
इससे पहले वरिष्ठ कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने पांच राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश के चुनाव नतीजों में पार्टी के बेहतर प्रदर्शन पर भरोसा जताया था।
उन्होंने कहा, "मैं इस बारे में सोमवार को बात करूंगा। 4 मई को जो भी नतीजे आएंगे, मुझे लगता है कि वह एक बेहतर नतीजा होगा। यह एक अच्छा नतीजा होगा। उस नतीजे से भविष्य के संकेत बहुत अच्छे मिलेंगे।"
बता दें कि 4 मई को देश के चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश (पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी) के चुनावी नतीजे सामने आएंगे।
--आईएएनएस
एससीएच/एबीएम

