Samachar Nama
×

यूसीसी लागू करने से पहले जाति व्यवस्था खत्म करने की जरूरत : उदित राज

यूसीसी लागू करने से पहले जाति व्यवस्था खत्म करने की जरूरत : उदित राज
यूसीसी लागू करने से पहले जाति व्यवस्था खत्म करने की जरूरत : उदित राज

नई दिल्ली, 14 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उस ऐलान पर कि भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए 2029 तक 21 राज्यों में यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) लागू करेगा, कांग्रेस नेता उदित राज ने प्रतिक्रिया दी है। इसके साथ ही उन्होंने भारत-अफगानिस्तान टी-20आई मैच और महिला एशिया कप से जुड़े मामले पर भी अपनी राय रखी।

यूसीसी को लेकर उदित राज ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करने से क्या फायदा होगा? इसके बजाय, जाति व्यवस्था को खत्म करने पर ध्यान देना चाहिए। जाति व्यवस्था के खत्म हुए बिना देश की असली तरक्की नहीं हो सकती।"

उन्होंने कहा, "यूसीसी लागू करने से क्या होगा? क्या जाति व्यवस्था खत्म हो रही है? जाति व्यवस्था खत्म होनी चाहिए। जब तक भारत जाति के आधार पर बंटा रहेगा, तब तक विज्ञान और तकनीक में कोई तरक्की नहीं होगी। वे हिंदू-मुस्लिम का नैरेटिव बनाना चाहते हैं ताकि उनका वोट बैंक बना रहे।"

दरअसल, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हाल ही में कहा था कि एनडीए शासित राज्यों में समान नागरिक संहिता को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा और 2029 तक 21 राज्यों में यूसीसी लागू करने का लक्ष्य है। इस पर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है।

वहीं, भारत-अफगानिस्तान टी20आई मैच से पहले राष्ट्रगान से पहले 'वंदे मातरम' गाए जाने को लेकर भी उदित राज ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा, "इसमें क्या बड़ी बात है? इससे कोई फालतू बात बनाने से क्या फायदा? असल बात तो यह है कि उन्होंने अच्छा खेला। वे जीते, और हम उन्हें उनकी जीत पर बधाई देते हैं।"

इसके अलावा, भारतीय महिला क्रिकेट टीम द्वारा एसीसी चेयरमैन मोहसिन नकवी से महिला एशिया कप की ट्रॉफी न लेने के मामले पर भी उदित राज ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे 'नाटक' करार दिया। कांग्रेस नेता ने कहा, "फिर से वही नाटक-बेकार का नाटक, इवेंट वाला नाटक। जब पाकिस्तान की टीम आ चुकी है, पाकिस्तानी खिलाड़ी यहां आए हैं, यहीं रह रहे हैं और खेल रहे हैं, तो उनके हाथों से ट्रॉफी न लेने का यह नाटक बेतुका है।"

--आईएएनएस

पीआईएम/पीएम

Share this story