Samachar Nama
×

यूएई ने आंध्र प्रदेश में निवेश की दिखाई रुचि, चंद्रबाबू नायडू ने फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में निवेश का दिया न्योता

यूएई ने आंध्र प्रदेश में निवेश की दिखाई रुचि, चंद्रबाबू नायडू ने फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में निवेश का दिया न्योता
यूएई ने आंध्र प्रदेश में निवेश की दिखाई रुचि, चंद्रबाबू नायडू ने फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में निवेश का दिया न्योता

विशाखापत्तनम, 11 नवंबर (आईएएनएस)। विशाखापत्तनम में यूएई के अर्थव्यवस्था और पर्यटन मंत्री अब्दुल्ला बिन तौक अल मर्री ने मुख्‍यमंत्री एन.चंद्रबाबू नायडू से मुलाकात की। इस मौके पर दोनों नेताओं के बीच राज्य में विभिन्न क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने यूएई की कंपनियों को आंध्र प्रदेश के फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में निवेश के लिए आमंत्रित किया है।

विशाखापत्तनम में आयोजित सीआईआई पार्टनरशिप समिट में हिस्सा लेने आए मंत्री अब्दुल्ला बिन तौक ने भोगापुरम हवाई अड्डे की सराहना की और इसके निर्माण के लिए चंद्रबाबू नायडू को बधाई दी।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि रायलसीमा क्षेत्र में उगने वाले फलों का पहले से ही अंतरराष्ट्रीय बाजारों में निर्यात हो रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगभग एक लाख करोड़ रुपये के निवेश के साथ रायलसीमा को दुनिया के प्रमुख बागवानी केंद्रों में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने यूएई की कृषि-खाद्य कंपनी 'सिलाल' को प्रस्तावित फूड क्लस्टर में भाग लेने का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश में कृषि और खाद्य उत्पादों की खरीद, प्रोसेसिंग और निर्यात के क्षेत्र में निवेश की अपार संभावनाएं हैं।

बैठक में दुबई की 'फ्लोरमास्टर' कंपनी की चित्तूर जिले में प्रस्तावित परियोजना पर भी चर्चा हुई। चंद्रबाबू नायडू ने यूएई मंत्री से फूड क्लस्टर से जुड़े प्रस्तावों पर जल्द फैसला कराने में सहयोग करने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने समुद्री, एयरोस्पेस और रक्षा क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं का भी उल्लेख किया और यूएई की कंपनियों से राज्य में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आंध्र प्रदेश इन क्षेत्रों में यूएई के साथ मिलकर काम करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

यूएई मंत्री अब्दुल्ला बिन तौक अल मर्री ने हाल ही में बने भोगापुरम हवाई अड्डे की सराहना करते हुए उसे बेहतरीन परियोजना बताया। उन्होंने इस विकास कार्य के लिए मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू को बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि यूएई भारत के पूर्वी समुद्री तट पर निवेश बढ़ाने में रुचि रखता है और आंध्र प्रदेश यूएई के निवेश के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है।

यूएई मंत्री ने कहा कि गूगल सहित कई वैश्विक कंपनियों और डेटा सेंटर परियोजनाओं का आंध्र प्रदेश में आना इस बात का संकेत है कि राज्य बड़े निवेश आकर्षित करने की क्षमता रखता है।

यूएई के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनका देश आंध्र प्रदेश से झींगा (श्रिम्प) और अन्य जलीय कृषि उत्पादों के आयात की संभावनाओं पर भी विचार कर रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने जानकारी दी कि यूएई की 12 अन्य कंपनियों ने आंध्र प्रदेश में प्रस्तावित फूड क्लस्टर में निवेश करने में रुचि दिखाई है। बैठक में यूएई की विभिन्न कंपनियों के अधिकारी और प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

--आईएएनएस

एवाई/डीकेपी

Share this story

Tags