Samachar Nama
×

यूएई के कप्तान पर आईसीसी ने लगाया मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना, जानिए क्या थी वजह?

नई दिल्ली, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के कप्तान मुहम्मद वसीम पर आईसीसी आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।
यूएई के कप्तान पर आईसीसी ने लगाया मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना, जानिए क्या थी वजह?

नई दिल्ली, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के कप्तान मुहम्मद वसीम पर आईसीसी आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।

मुहम्मद वसीम को नेपाल के खिलाफ दूसरे टी20 मैच के दौरान आईसीसी की खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहयोगी कर्मियों के लिए आचार संहिता के अनुच्छेद 2.7 के तहत लेवल 1 के अपराध का दोषी पाया गया। यह आरोप मुहम्मद वसीम की मैच के बाद प्रेजेंटेशन समारोह में की गई टिप्पणी से जुड़ा है, जहां उन्होंने अंपायरिंग को पक्षपातपूर्ण बताया था। इस मामले की रिपोर्ट ऑन-फील्ड अंपायर बुद्धि प्रधान और विनय कुमार के साथ थर्ड अंपायर दुर्गा सुबेदी और फोर्थ अंपायर संजय सिग्देल ने दर्ज कराई थी।

यह अनुच्छेद किसी अंतरराष्ट्रीय मैच में हुई घटना, या किसी खिलाड़ी, खिलाड़ी सहयोगी कर्मी, मैच अधिकारी या किसी अंतरराष्ट्रीय मैच में भाग लेने वाली टीम के बारे में सार्वजनिक रूप से आलोचना करने, या अनुचित टिप्पणी करने से संबंधित है, चाहे ऐसी आलोचना या अनुचित टिप्पणी कभी भी की गई हो।

मुहम्मद वसीम ने अपनी गलती स्वीकारते हुए वेंडेल ला ब्रूय की ओर से प्रस्तावित सजा मान ली। ऐसे में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।

जुर्माने के अलावा, वसीम को एक डिमेरिट प्वाइंट भी मिला है। पिछले 24 महीनों में यह उनका पहला अपराध है। लेवल-1 के उल्लंघनों पर न्यूनतम दंड के रूप में आधिकारिक फटकार, अधिकतम दंड के रूप में खिलाड़ी की मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना, और एक या दो डिमेरिट प्वाइंट्स दिए जाते हैं।

जो खिलाड़ी 24 महीनों के भीतर चार या उससे अधिक डिमेरिट अंक अपने नाम कर लेते हैं, उन्हें निलंबन का सामना करना पड़ता है। ये अंक बाद में प्रतिबंध में बदले जाते हैं। दो सस्पेंशन अंक का मतलब एक टेस्ट मैच या दो वनडे इंटरनेशनल या दो टी20 इंटरनेशनल मैचों का बैन होता है, जो भी पहले आए। डिमेरिट अंक खिलाड़ी के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में 24 महीने तक बने रहते हैं, उसके बाद हटा दिए जाते हैं।

संयुक्त अरब अमीरात क्रिकेट टीम ने पहला टी20 मुकाबला छह विकेट से जीता था, लेकिन दूसरे मैच में नेपाल क्रिकेट टीम ने आठ विकेट से जीत दर्ज कर सीरीज बराबर कर दी। यह मुकाबला त्रिभुवन यूनिवर्सिटी इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags