त्योहारी सीजन में रांची रेल मंडल ने बढ़ाईं ट्रेनें, यात्री सुविधाओं और भीड़ प्रबंधन के लिए काम करेगा 24 घंटे का वार रूम
रांची, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। दुर्गापूजा, दीपावली और छठ के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रांची रेल मंडल ने अतिरिक्त ट्रेनों और कोच की व्यवस्था के साथ स्टेशनों पर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की विशेष तैयारी की है। रांची और हटिया जैसे प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए होल्डिंग एरिया, अतिरिक्त टिकट काउंटर, 24 घंटे वॉर रूम और अतिरिक्त सुरक्षा बलों की व्यवस्था की जाएगी।
रांची के मंडल रेल प्रबंधक करुणा निधि सिंह ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यात्रियों की अतिरिक्त मांग को पूरा करने के लिए रांची से और रांची होकर कई पूजा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। इनमें अजमेर-रांची-अजमेर साप्ताहिक स्पेशल, रांची-अलीपुरद्वार-रांची, रांची-आनंद विहार टर्मिनल-रांची, सांतरागाछी-अजमेर-सांतरागाछी, हटिया-लोकमान्य तिलक टर्मिनस-हटिया और हटिया-बेंगलुरु-हटिया साप्ताहिक स्पेशल शामिल हैं।
अजमेर-रांची स्पेशल 2 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार और रांची-अजमेर वापसी सेवा 4 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार चलेगी। रांची-अलीपुरद्वार स्पेशल 12 अक्टूबर से 9 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार और वापसी ट्रेन 14 अक्टूबर से 11 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार चलेगी। रांची-आनंद विहार स्पेशल 3 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार और वापसी सेवा 4 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को उपलब्ध होगी।
हटिया-लोकमान्य तिलक टर्मिनस स्पेशल 12 से 26 अक्टूबर तक प्रत्येक सोमवार और वापसी ट्रेन 13 से 27 अक्टूबर तक प्रत्येक मंगलवार चलेगी। हटिया-बेंगलुरु स्पेशल 14 अक्टूबर से 11 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार और वापसी सेवा 16 अक्टूबर से 13 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार चलेगी। पटना-चर्लपल्ली स्पेशल भी रांची होकर सोमवार और बुधवार को चलेगी।
स्थानीय यात्रियों के लिए हटिया-बानो और बानो-हटिया अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें 30 नवंबर तक प्रतिदिन चलेंगी। रेल मंडल ने कुछ नियमित ट्रेनों में स्थायी रूप से कोच भी बढ़ाए हैं।
रांची-गोड्डा, रांची-चोपन, रांची-सासाराम और रांची-आरा एक्सप्रेस में अतिरिक्त स्लीपर, एसी थ्री टियर, एसी टू टियर और चेयर कार कोच जोड़े गए हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रांची और हटिया स्टेशन पर होल्डिंग एरिया बनाया जाएगा। यहां यात्रियों के बैठने, पेयजल, रोशनी, पंखे और ट्रेन संबंधी सूचना की व्यवस्था रहेगी। जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग और यात्री मार्गों का नियमन भी किया जाएगा।
स्टेशनों पर आरपीएफ और जीआरपी के साथ समन्वय कर सुरक्षा बढ़ाई जाएगी। सीसीटीवी से निगरानी होगी और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात किए जाएंगे। यात्रियों को किसी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल सुरक्षा कर्मियों को देने की सलाह दी गई है।
रेल मंडल ने रांची और हटिया स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट की कीमत 10 रुपये से बढ़ाकर 20 रुपये करने का फैसला किया है। यह व्यवस्था 10 अक्टूबर से 29 नवंबर तक लागू रहेगी। दक्षिण दिशा की कुछ स्पेशल ट्रेनों के लिए बलसिरिंग, गोविंदपुर रोड और बानो में वैकल्पिक ठहराव की व्यवस्था की गई है।
रांची स्टेशन का दक्षिणी प्रवेश द्वार 10 अक्टूबर से आंशिक रूप से खोला जाएगा। यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन का समय और प्लेटफॉर्म जांचने तथा निर्धारित समय से पहले स्टेशन पहुंचने की सलाह दी गई है। किसी भी सहायता या जानकारी के लिए यात्री 24 घंटे संचालित वॉर रूम के फोन नंबर 9835921955 पर संपर्क कर सकते हैं।
--आईएएनएस
एसएनसी/एएसएच

