ट्विशा शर्मा केस: कोर्ट के फैसले से परिवार का बढ़ा भरोसा, भाई ने की सीबीआई जांच की मांग
भोपाल, 23 मई (आईएएनएस)। भोपाल में ट्विशा शर्मा की संदिग्ध हालात में मौत के मामले में गिरफ्तार आरोपी पति को मजिस्ट्रेट अनुदिता गुप्ता की अदालत ने सात दिनों की पुलिस रिमांड पर सौंप दिया। कोर्ट के फैसले पर ट्विशा के भाई का कहना है कि इससे उनका मनोबल बढ़ा है, लेकिन इस मामले की जल्द से जल्द जांच सीबीआई को सौंप देनी चाहिए।
ट्विशा शर्मा के भाई आशीष शर्मा ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर भरोसा है और जिस तरह निष्पक्ष तरीके से सुनवाई हो रही है, उससे परिवार का मनोबल बढ़ा है। अदालत का यह फैसला परिवार के लिए उम्मीद जगाने वाला है।
आशीष शर्मा का कहना था कि मुख्यमंत्री पहले ही इस मामले को लेकर आश्वासन दे चुके हैं और अब जल्द से जल्द सीबीआई जांच शुरू होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में कुछ लोगों ने परिवार को परेशान करने की कोशिश की और कई बातें बेवजह फैलाई गईं। जांच के दौरान ऐसे लोगों की भी भूमिका सामने आनी चाहिए।
उन्होंने पुलिस की शुरुआती जांच पर भी सवाल उठाए। आशीष शर्मा का कहना है कि शुरुआत से ही पुलिस की कार्यशैली पक्षपातपूर्ण रही है, हालांकि अब अदालत की निगरानी और लगातार हो रही कार्रवाई से परिवार को उम्मीद है कि उन्हें इंसाफ मिलेगा।
इस बीच ट्विशा शर्मा की तरफ से पैरवी कर रहे एडवोकेट अनुराग श्रीवास्तव ने आईएएनएस को बताया कि पुलिस ने सात दिन की रिमांड इसलिए मांगी, क्योंकि मामले में अभी कई अहम पहलुओं की जांच बाकी है। कई ऐसे सवाल हैं जिनके जवाब सिर्फ आरोपी समर्थ सिंह ही दे सकता है। पुलिस को शक है कि मामले में अभी और भी तथ्य सामने आ सकते हैं, इसलिए पूछताछ बेहद जरूरी है। साथ ही आरोपी का पासपोर्ट भी जब्त कर लिया गया है।
उन्होंने कहा कि आरोपी के पास पूरे घर का कंट्रोल था और अभी भी कई ऐसे सबूत हैं जिन्हें पुलिस को जुटाना बाकी है। उन्होंने ट्विशा की सास को इतनी जल्दी जमानत दिए जाने पर भी सवाल उठाया। उनका कहना है कि अगर सिर्फ उम्र, कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड न होना और उसी शहर में रहने जैसे आधारों पर राहत दी जाएगी तो फिर ऐसे कई मामलों में यही तर्क लागू होंगे।
वहीं ट्विशा शर्मा की ओर से एडवोकेट अंकुर पांडे ने बताया कि आरोपी समर्थ सिंह पिछले दस-बारह दिनों से फरार चल रहा था। उसने जबलपुर पुलिस के सामने सरेंडर किया और बाद में उसे भोपाल पुलिस को सौंप दिया। इसके बाद पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया। उन्होंने कहा कि ट्विशा की बॉडी अभी एम्स में है और जांच एजेंसी के सामने कई ऐसे सवाल हैं जिनका जवाब मिलना बाकी है। इसी को देखते हुए अदालत ने सात दिन की रिमांड दी है।
--आईएएनएस
पीआईएम/वीसी

