Samachar Nama
×

तुर्किये से भारत लाए गए नार्को किंगपिन नवप्रीत सिंह को 10 दिन की पुलिस कस्टडी

तुर्किये से भारत लाए गए नार्को किंगपिन नवप्रीत सिंह को 10 दिन की पुलिस कस्टडी

नई दिल्ली, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। तुर्किये से डिपोर्ट कर भारत लाए गए कथित अंतरराष्ट्रीय नार्को-ट्रैफिकिंग नेटवर्क से जुड़े नवप्रीत सिंह को राऊज एवेन्यू कोर्ट ने 10 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। दिल्ली पुलिस ने अदालत से नवप्रीत की 10 दिन की हिरासत मांगी थी।

दिल्ली पुलिस ने अदालत को बताया कि जांच के सिलसिले में नवप्रीत सिंह को पंजाब, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र ले जाना है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में पहले से गिरफ्तार रमनदीप, गुरप्रीत और गुरजोत के साथ नवप्रीत से पूछताछ भी की जानी है।

जांच एजेंसियों के अनुसार, नवप्रीत सिंह कथित अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क का प्रमुख हैंडलर बताया गया है। आरोप है कि वह फर्जी पहचान के सहारे विदेश में रह रहा था। बताया जा रहा है कि उसने ‘नवाब विर्क’ नाम की कथित फर्जी पहचान के जरिए तुर्किये की नागरिकता भी हासिल की थी।

नवप्रीत सिंह पर अफगानिस्तान से भारत तक हेरोइन और मेथामफेटामाइन की तस्करी से जुड़े कथित नेटवर्क को संचालित करने का आरोप है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, भारत में उसके खिलाफ ड्रग तस्करी और अन्य आपराधिक मामलों को लेकर जांच चल रही थी।

दिल्ली हाई कोर्ट के रिकॉर्ड में भी नवप्रीत सिंह को कथित ड्रग सिंडिकेट का मुख्य किंगपिन बताया गया था और उसके तुर्किये में होने का उल्लेख किया गया था।

नवप्रीत सिंह का नाम दिल्ली में 2021 में सामने आए एक बड़े ड्रग सिंडिकेट मामले में भी सामने आया था। अदालत के रिकॉर्ड के मुताबिक, इस मामले में आरोपियों के कब्जे से करीब 355.5 किलोग्राम हेरोइन बरामद होने की बात दर्ज है। जांच में नवप्रीत सिंह को इस नेटवर्क का मुख्य आरोपी और हैंडलर बताया गया था।

बाद की जांच में पंजाब पुलिस ने भी तुर्किये स्थित कथित ड्रग नेटवर्क को नवप्रीत सिंह उर्फ ‘नव’ से जोड़ा था। अब तुर्किये से डिपोर्ट कर भारत लाए जाने के बाद दिल्ली पुलिस उससे पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story

Tags